इंडो-फ्रेंच हॉकी टेस्ट सीरीज: महिला हॉकी में फ्रांस ए ने भारत ए को 1-0 से हराया
इंडो-फ्रेंच हॉकी टेस्ट सीरीज के पहले रोमांचक मुकाबले में फ्रांस-ए महिला टीम की तेजी के आगे भारत-ए की महिलाएं टिक नहीं सकीं।
लखनऊ। इंडो-फ्रेंच हॉकी टेस्ट सीरीज के पहले रोमांचक मुकाबले में फ्रांस-ए महिला टीम की तेजी के आगे भारत-ए की महिलाएं टिक नहीं सकीं। मुहम्मद शाहिद सिंथेटिक स्टेडियम में शुक्रवार को हुए मैच में पहले और दूसरे क्वार्टर तक दोनों टीमों के बीच बराबरी की लड़ाई देखने को मिली, लेकिन तीसरे क्वार्टर में मेहमान टीम ने 1-0 की बढ़त बना ली, जो अंत तक कायम रही।
फ्रांस के लिए यह महत्वपूर्ण गोल लारडियर आइंस ने किया। मैच की शुरुआत से भारतीय महिलाओं ने छोटे-छोटे पास से खेलते हुए मेहमान टीम पर दबाव बनाने का प्रयास किया। खेल के आठवें मिनट में ज्योति ने बेहतरीन गोल करने का मौका गंवा दिया। इसके बाद 10वें मिनट में भारतीय महिलाओं को एक और गोल का मौका मिला, लेकिन सफलता नहीं मिली।दूसरे क्वार्टर में 23वें मिनट में फ्रांस टीम को पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन उसने इसे गंवा दिया। दो मिनट के बाद फ्रांस ने एक और जोरदार आक्रमण किया, जिसे भारतीय गोलकीपर बिचु देवी ने शानदार डाइव लगाकर रोका।
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारतीय टीम को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर मुमताज ने रिबाउंड पर हिट जमाई, जो गोल पोस्ट के पास से निकल गई। 37वें मिनट में रिबाउंड पर लारडियर ने एक कमजोर रिवर्स हिट जमाई और गेंद भारतीय रक्षापंक्ति को भेदकर गोलपोस्ट में पहुंच गई। फ्रांस ने 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली। चौथे क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत को लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन सफलता एक में भी नहीं मिली।