हॉकी के पूर्व कप्तान सरदारा सिंह पर लगा मारपीट का आरोप
पुलिस का कहना है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे, तब पूर्व कप्तान सरदार सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह, उनके ड्राइवर दीदार सिंह और अन्य के खिलाफ एक शख्स ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। रविवार सुबह सेक्टर-35ए के मकान नंबर 106 के पास इनोवा और सियाज गाड़ी की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इनोवा दीदार सिंह चला रहा था। दूसरी गाड़ी सियाज सेक्टर-37 का सचिन चला रहा था।
सचिन ने कहा कि वह सुबह अपने घर सेक्टर-37 की ओर जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार इनोवा ने उनकी सियाज कार को टक्कर मार दी। सचिन ने बताया कि इसके बाद इनोवा गाड़ी के ड्राइवर दीदार सिंह ने किसी को फोन किया। सचिन ने आरोप लगाए कि कुछ देर बाद सरदार सिंह व एक अन्य शख्स मौके पर आए और मारपीट की। कुछ देर बाद मौके पर पुलिस पहुंची।
पुलिस ने दीदार सिंह की शिकायत पर सचिन के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने क्रॉस एफआइआर दर्ज करते हुए दीदार सिंह और एक अन्य पर भी मामला दर्ज किया है। सचिन ने आरोप लगाया कि पुलिस जान-बूझकर सरदार सिंह के खिलाफ एफआइआर दर्ज नहीं कर रही। पुलिस का कहना है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे, तब पूर्व कप्तान सरदार सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे।