श्रीलंका में सौंदर्य प्रतियोगिता में फर्स्ट रनरअप रही ऊना की स्माइली
अब तक मिस कॅर्थ इंडिया, मिस नॉर्थ अर्थ, मिस फेस ऑफ हिमाचल व मिस नॉर्थ इंटरनेशनल जैसे कई खिताब अपने नाम कर चुकी स्माइली का अगला लक्ष्य माया नगरी मुंबई है।
ऊना, जेएनएन। श्रीलंका में हुई सौंदर्य प्रतियोगिता में ऊना की स्माइली फर्स्ट रनरअप रही हैं। वह माया नगरी मुंबई में नाम कमाना चाहती हैं। स्माइली ने बताया कि यह प्रतियोगिता इसी माह आयोजित की गई थी। इसमें फर्स्ट रनरअप रहने से उनके हौसले बुलंद हैं। अब तक मिस कॅर्थ इंडिया, मिस नॉर्थ अर्थ, मिस फेस ऑफ हिमाचल व मिस नॉर्थ इंटरनेशनल जैसे कई खिताब अपने नाम कर चुकी स्माइली का अगला लक्ष्य माया नगरी मुंबई है।
फिल्मों में काम करके वह परिवार के साथ-साथ प्रदेश का नाम रोशन करना चाहती हैं। एक मध्यम वर्गीय परिवार से संबंध रखने वाली स्माइली बताती हैं कि शुरुआती दौर में पापा जरूर मॉडलिंग के हक में नहीं रहे, वे उसे डॉक्टर की डिग्री के इच्छुक रहे। हालांकि अब पापा उन्हें इस मुकाम पर देखकर खुश हैं। माता का उन्हें हर समय साथ मिला। स्माइली का कहना है कि यहां तक पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में हमेशा मां व पापा के शब्दों ने हौसला दिया। इस सफलता में पूरे परिवार का साथ मिला, जिससे यह सफर आसान हो गया। कठिन मेहनत रंग लाई है और विश्वास है कि मुंबई में भी अपना मुकाम हासिल करेंगी।