हादसों में दो की मौत, घायल महिला पीजीआइ रैफर
जिला ऊना में रविवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे पीजीआइ चंडीगढ़ रैफर किया गया है।
संवाद सूत्र, बड़ूही/बंगाणा : जिला ऊना में रविवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे पीजीआइ चंडीगढ़ रैफर किया गया है।
पहले मामले में पुलिस थाना अम्ब के तहत ऊना-अम्ब रोड पर धुसाड़ा में एक कार अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसी। हादसे में कार में सवार 26 वर्षीय गौरव पुत्र मलकीत सिंह निवासी नैहरियां अम्ब की मौत हो गई। 29 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र बलदेव राज निवासी धर्मशाला हो गया। उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में दाखिल किया गया है। बताया जा रहा है कार में सवार दोनों लोग चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। इतने में धुसाड़ा के पास कार अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसी। डीएसपी मनोज जम्वाल ने बताया कि घायल के बयान लिए जा रहे हैं।
एक अन्य हादसे में पुलिस थाना के तहत नंदपुर में एक अज्ञात वाहन ने राहगीर महिला दर्शना देवी को रौंद दिया। घायल महिला को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया।
तीसरा हादसा उपमंडल बंगाणा के तहत हुआ। पिपलू क्षेत्र के गांव पखलव में एक ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में मारा गया जान मोहम्मद पुत्र उम्रदीन गांव पखलव तहसील बंगाणा का रहने वाला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों के हवाले कर दिया है। साथ ही चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
पखलव निवासी जान मोहम्मद गांव में सड़क पर पैदल जा रहा था। इसी बीच एक ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जान मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने धर दबौचा। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। चालक को जमानत मिल गई है।