गोंदपुर बनेहड़ा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
थाना अम्ब के तहत गोंदपुर बनेहड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, अम्ब : थाना अम्ब के तहत गोंदपुर बनेहड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय संयुक्त लता पत्नी मनिद्र सिंह के रूप में हुई है। उक्त महिला की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल अम्ब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद स्वजनों को हवाले कर दिया है।
बताया जा रहा है कि उक्त महिला बीमार थी, जिसका उपचार स्वजनों ने घर पर ही चला रखा था। मंगलवार रात को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्वजनों ने उसकी घर में ही झाड़-फूंक शुरू कर दी, लेकिन इससे महिला की तबीयत और खराब हो गई। स्वजनों ने उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल दौलतपुर में पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी अम्ब मनोज जम्वाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की मौत कैसे हुई, इसके कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।