नैहरियां में ससुराल आए होशियारपुर के व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत
उपमंडल अम्ब की नैहरियां पंचायत के डूहकी गांव में ससुराल में आए एक व्य
संवाद सहयोगी, अम्ब : उपमंडल अम्ब की नैहरियां पंचायत के डूहकी गांव में ससुराल में आए एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय सोमनाथ निवासी नारी मंगोवाल चोहाल, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। अम्ब पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव स्वजनों के हवाले कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोमनाथ शराब पीने का आदी था। इस कारण उसके पत्नी और स्वजनों से रिश्ते ठीक नहीं थे। घर में रोज लड़ाई-झगड़ा करने के कारण स्वजनों इसे बेदखल कर दिया था। वह पत्नी बच्चों के साथ गगरेट में किराये के कमरे में रह रहा था। रविवार को उसने पत्नी से मारपीट की थी। नाराज पत्नी अपने मायके डूहकी में आ गई थी।
पत्नी ने बताया कि सोमवार शाम को सोमनाथ शराब पीकर मायके आ पहुंचा और उससे गाली ग्लौज करने लगा। कुछ देर बाद वह नैहरियां बाजार की तरफ चला गया। रात करीब साढ़े आठ बजे गांव वालों से पता चला की उसका पति शराब के नशे में सड़क के किनारे पड़ा हुआ है। जब उन्होंने वहां जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
उधर, एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक की पत्नी के बयान कलमबद्ध किए हैं। इसमें उसने किसी भी प्रकार का संदेह जाहिर नही किया है।