सिद्ध चलेहड गांव के चार परिवार किए होम क्वारंटाइन
नकड़ोह मस्जिद में रुके तीन जमाती पॉजीटिव पाए जाने के बाद इनके संपर्क में आने वाले लोगों को होम क्वारंटाइन किए जाने की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
संवाद सहयोगी, अम्ब : नकड़ोह मस्जिद में रुके तीन जमाती पॉजीटिव पाए जाने के बाद इनके संपर्क में आने वाले लोगों को होम क्वारंटाइन किए जाने की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को पुलिस ने सिद्ध चलेहड गांव के चार परिवारों को होम क्वारंटाइन किया। दरअसल उपमंडल के रामनगर नगर नकड़ोह की मस्जिद में मिले तीन जमातियों के पॉजीटिव पाए जाने के बाद पुलिस उनकी पल-पल की हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इसी सिलसिले में पुलिस को पता चला है कि पॉजीटिव पाए गए तीनों जमाती सिद्धचलेहड़ के इन चारों परिवारों के संपर्क में भी आए थे। उसी के तहत पुलिस ने इन चारों परिवारों को होम क्वारंटाइन में रखा है।
वहीं, दूसरी तरफ कुठेड़ा खैरला में मस्जिद में ही क्वारंटाइन किए गए 11 लोगों को पुलिस ने आइसोलेशन सेंटर भेज दिया। मालूम हो कि जिस दिन से नकड़ोह में रुके यह तीन जमाती पॉजीटिव पाए गए हैं, इन लोगों के संपर्क में आए लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इतना ही नहीं, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। एक तरफ अम्ब थाना के एक एएसआइ और दो होमगार्ड क्वारंटाइन पर चले गए हैं। दूसरी तरफ गगरेट सिविल अस्पताल के बीएमओ सहित उनके साथ काम कर रही टीम को भी क्वारंटाइन कर लिया गया है। पुलिस थाना प्रभारी अम्ब गौरव भरद्वाज ने सिद्ध चलेहड़ गांव के चार परिवारों को होम क्वारंटाइन करने के साथ कुठेड़ा खैरला में मस्जिद में क्वारंटाइन किए गए 11 जमातियों को आइसोलेट करने की पुष्टि की है।