सेना भर्ती में एंट्री न मिलने से नाराज युवकों ने लगाया जाम
इंदिरा स्टेडियम में सेना की भर्ती के लिए पहुंचे कई युवाओं ने सोमवार सुबह चक्का जाम कर दिया।
जागरण टीम, ऊना : इंदिरा स्टेडियम में सेना की भर्ती के लिए पहुंचे कई युवाओं ने सोमवार सुबह चक्का जाम कर दिया। युवाओं का आरोप था कि उन्हें पहले तो निर्धारित समय के भीतर मैदान में प्रवेश नहीं करने दिया गया और भीतर जाने के बाद कुछ युवाओं से भेदभाव किया गया। कुछ युवाओं द्वारा फैलाई गई इस अफवाह के बाद कई युवक भड़क गए और उन्होंने चंडीगढ़-धर्मशाला मुख्य हाईवे पर जाम लगा दिया।
सोमवार को सैकड़ों की संख्या में युवक भर्ती के लिए पहुंचे थे। इनमें से कुछ युवक हरियाणा के भी पहुंचे थे। इन युवाओं ने किसी विशेष ट्रेड की भर्ती के लिए आवेदन किया हुआ था। मुख्यद्वार पर सभी युवाओं के दस्तावेज की पड़ताल की जा रही थी। इसी बीच कुछ युवाओं को दस्तावेज अधूरे होने के कारण मैदान के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके बाद इन युवाओं ने मैदान के बाहर भी हल्ला करना शुरू कर दिया। कुछ देर के बाद मैदान के भीतर से भी जो युवक रिजेक्ट होकर बाहर आए, वे भी उन युवकों के साथ मिलकर सेना की भर्ती प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े करने लग गए। युवक सड़क के बीच जमा हो गए और सेना भर्ती अधिकारियों के खिलाफ धरने पर बैठ गए। इन युवाओं का आरोप था कि वे समय पर पहुंचे थे, लेकिन भारी भीड़ के कारण मैदान में प्रवेश नहीं कर पाए। कई युवाओं द्वारा प्रवेशद्वार पर अपने दस्तावेज भी दिखाए लेकिन उनको एंट्री नहीं दी गई।
उधर इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। एडीसी अरिदम चौधरी, एएसपी विनोद धीमान व सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इन युवाओं के कारण करीब एक घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। इन अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाम खोला गया और उन युवकों से बातचीत की गई। इस बीच कुछ युवाओं से पूछताछ के बाद उनके दस्तावेजों की फिर से पड़ताल की गई। पांच सौ में से महज एक युवक पात्र निकला, जिसे मौका दिया गया है।
सेना के भर्ती अधिकारी कर्नल सतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया चल रही है। कुछ युवक रिजेक्ट होने के बाद फिर से फर्जी एंट्री करना चाहते थे, जिनको रोका गया है। ऐसे में युवाओं द्वारा ऐसा व्यवहार पूरी तरह से गलत था।