अनदेखी न हों एंबुलेंस कर्मचारियों की सेवाएं
कांग्रेस के प्रदेश सचिव देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि एंबुलेंस कर्मियों को निकाला जाना सही नहीं है।
संवाद सूत्र, बंगाणा : कांग्रेस के प्रदेश सचिव देवेंद्र भुट्टो ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति गंभीर नहीं है। प्रदेश में सैकड़ों एंबुलेंस कर्मचारियों की नौकरी जा रही है और सरकार नई कंपनियों को टेंडर देने में लगी है। कई साल से कार्यरत एंबुलेंस कर्मचारियों को अनदेखा कर नौकरी से निकाला जाना सही नहीं है। एंबुलेंस कर्मचारियों की सेवाओं को अनदेखा न किया जाए। यदि भाजपा सरकार का यही रवैया रहा तो हर जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
देवेंद्र भुट्टो ने पत्रकारों से कहा कि हिमाचल में उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान प्राप्त करने वाले 108 व 102 एंबुलेंस कर्मचारियों को भाजपा सरकार ने एकाएक नौकरी से बाहर निकाल दिया है। इससे एंबुलेंस कर्मचारियों को परिवार सहित भूखे मरने की नौबत आ गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में प्रदेश कांग्रेस एंबुलेंस कर्मचारियों के साथ प्रदर्शन करेगी। प्रदेश के कर्मचारी, संसाधन और हिमाचल का ही धन 108 व 102 एंबुलेंस सेवाओं पर खर्च होता है। इसके बावजूद एंबुलेंस संसाधनों को बाहरी लोग चला रहे हैं जिसका प्रदेश कांग्रेस विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि 10, 11 वर्षो से हिमाचल में एंबुलेस सेवाओं पर कार्यरत कर्मचारियों को प्रदेश भाजपा सरकार ने एकदम से अन्य राज्यों के ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए बेरोजगार कर दिया है। प्रदेश में 1200 कर्मचारी और यूनियन के करीब 200 कर्मचारी हैं जिन्हें नई कंपनी की तरफ से कोई आफर लैटर नहीं मिला है। इससे पुराने कर्मचारियों में रोष है। एंबुलेंस में कार्यरत पुराने कर्मचारियों ने 60 और 90 दिन का प्रशिक्षण लिया है और उन्हें कार्य का कई वर्ष का अनुभव भी है।