सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की टीमें अव्वल
इंदिरा स्टेडियम ऊना में 31वीं अंडर 14 राष्ट्रीय सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता के दौरान लड़कों व लड़कियों का फाइनल मुकाबला महाराष्ट्र की टीमों ने जीता।
संवाद सहयोगी, ऊना : इंदिरा स्टेडियम ऊना में 31वीं अंडर 14 राष्ट्रीय सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता के लड़कों और लड़कियों के वर्ग के फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की टीमों ने जीत हासिल की है। फाइनल मैच में लड़कों के वर्ग में कर्नाटक की टीम दूसरे जबकि पश्चिम बंगाल व हरियाणा की टीम तीसरे स्थान पर रही। लड़कियों के वर्ग में पंजाब ने दूसरा और राजस्थान व दिल्ली ने तीसरा स्थान हासिल किया।
लड़कों के वर्ग के फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र ने 10 और कर्नाटक की टीम ने छह अंक हासिल किए। लड़कियों के वर्ग के फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र ने 11 व पंजाब ने तीन अंक हासिल किए। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कंवर ने कहा कि हिमाचल वीरभूमि व देवभूमि के साथ खेल भूमि भी बनेगी। प्रदेश खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के सहयोग से प्रदेश सरकार खेलों व खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं जुटा रही है। ऊना जिला ने पद़्मश्री चरणजीत सिंह, दीपक ठाकुर व निषाद कुमार जैसे कई खिलाड़ी दिए हैं जिन्होंने कई मेडल जीते और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। केंद्र सरकार ने खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत इस क्षेत्र में बहुत अधिक काम किया है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस दौरान गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, प्रदेश खो-खो संघ के चेयरमैन राकेश ठाकुर, खो-खो फेडरेशन इंडिया के महासचिव एमएस त्यागी सहित विभिन्न खो-खो संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।