सड़क हादसे में चार घायल
अम्ब कस्बे से सटे पक्का परोह में हुए सड़क हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग व एक राहगीर घायल हो गया।
संवाद सहयोगी, अम्ब : अम्ब कस्बे से सटे पक्का परोह में हुए सड़क हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग व एक राहगीर घायल हो गया। पहचान बाइक चालक अभिषेक कुमार (29) पुत्र अश्वनी कुमार निवासी बडाला, वंश जोशी (14) उसकी बहन श्रुति (16) पुत्री संजीव कुमार निवासी पक्का परोह व बाइक की चपेट में आकर घायल हुए राहगीर की पहचान गुरप्यारा (53) पुत्र जुल्फी राम निवासी जाड़ला कोयडी के रूप में हुई है।
सोमवार देर शाम करीब पौने सात बजे अभिषेक अपनी बाइक पर वंश और उसकी बहन श्रुति को लेकर पक्का परोह जा रहा था। पक्का परोह के पास पहुंचने पर बाइक के आगे अचानक पैदल जा रहा गुरप्यारा आ गया। बाइक उससे टकरा गई। इससे बाइक सवारों सहित वह भी घायल हो गया। घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया। यहां से अभिषेक और गुरप्यारा की गंभीर हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया लेकिन गुरप्यारा को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी अम्ब गौरव ने बताया घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद केस दर्ज करके हादसे के कारणों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।