कोटला कलां के खेल मैदान के मध्य न बने सामुदायिक भवन
नजदीकी गांव कोटला कलां अपर में खेल के मैदान के मध्य प्रस्तावित कम्युनिटी हाल बनाने का स्थानीय युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया है। इस संबंध में सोमवार को ऊना मुख्यालय में एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला।
संवाद सहयोगी, ऊना : नजदीकी गांव कोटला कलां अपर में खेल के मैदान के मध्य प्रस्तावित कम्युनिटी हाल बनाने का स्थानीय युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया है। इस संबंध में सोमवार को ऊना मुख्यालय में एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मैदान के मध्य कम्युनिटी हाल न बनाकर इसे एक किनारे पर निर्मित करने की मांग उठाई है। उपायुक्त ने इस संबंध में उचित कार्यवाही का आश्वासन भी दिया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल चंद्रशेखर, राजीव कुमार, अजय कुमार, कपिल कुमार, वरुण, अमित कुमार, दीपक शर्मा, विवेक कुमार, महावीर, अनमोल, संजय कुमार, राज बहादुर ने बताया कि गांव में काफी बड़ा खेल मैदान है। भविष्य में इसे और भी बड़ा किया जा सकता है और इंदिरा ग्राउंड के बाद इसे जिले का दूसरा बड़ा खेल का मैदान भी बनाया जा सकता है। वर्तमान में यहां आसपास के 10 गांवों के खिलाड़ी खेल गतिविधियों का लाभ उठा रहे हैं लेकिन दिक्कत यह आ रही है कि गांव कोटला कलां के लिए एक कम्युनिटी हाल प्रस्तावित है। इसे भी इसी मैदान पर बनाया जाएगा। इसे बनाने का विरोध नहीं है लेकिन पंचायत का कहना है कि सरकारी अधिकारियों के अनुसार इसे मैदान के मध्य में बनाया जा सकता है। ऐसा करने पर फायदा कम और हानि होती हुई ज्यादा दिख रही है क्योंकि फिर इसमें क्रिकेट, फुटबाल और हाकी जैसा मैदान तैयार नहीं किया जा सकता। चारों तरफ सरकारी भूमि है। इसलिए सभी गांववासी चाहते हैं कि कम्युनिटी हाल को मैदान के मध्य के बजाय किनारे पर ही बनाया जाना चाहिए, ताकि खेलकूद गतिविधियों में बाधा न पड़े। उन्होंने उपायुक्त से स्वयं मौका देखने का आग्रह भी किया।