ऊना के टक्का रोड पर तालाब में मृत मिला युवक
जिला मुख्यालय से टक्का को जाने वाले मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक तालाब में एक युवक का शव बरामद हुआ है।
जागरण संवाददाता, ऊना : जिला मुख्यालय से टक्का को जाने वाले मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक तालाब में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने दमकल विभाग के कर्मचारियों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। मृतक की पहचान 32 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र श्रीपाल निवासी गांव कुंदाकुंडा जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के स्वजन को सूचना दे दी है। मामले की पुष्टि जिला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण धीमान ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम गहनता से मामले की जांच में जुट गई है।
ऊना-टक्का मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक तालाब में वीरवार को एक व्यक्ति ने शव देखा और पुलिस को सूचित किया। शहरी पुलिस चौकी प्रभारी जगवीर सिह व एएसआइ परमजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग रामपुर के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक की जेब से एक कागज का टुकड़ा मिला है। डीएसपी अनिल पटियाल भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा। वीरवार सायं तक पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। पुलिस ने मृतक की फोटो भेजकर ऊना शहर में कई जगहों पर रहने वाले अन्य राज्यों के लोगों से जानकारी प्राप्त करनी चाही। इस दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का भाई ऊना में रहता है, जबकि वह परिवार के साथ रिवालसर में रहता था। पुलिस ने मृतक की पत्नी को भी सूचित कर ऊना बुलाया है ताकि पता चल सके कि उसके पति ने किन कारणों से तालाब में छलांग लगाकर जान दी है। शहरी पुलिस चौकी प्रभारी जगवीर सिंह ने कहा कि मृतक के नाक से खून बह रहा था। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। मृतक के भाई ने कहा कि वह उसके पास नहीं आया था। मृतक के पत्नी के आने पर ही पता चलेगा कि वह रिवालसर से ऊना कब और किसलिए आया था।