कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडोगा में रेत से भरे छह टिप्पर रोके
अवैध खनन के मुद्दे पर कांग्रेस प्रशासन व सरकार को लगातार घेर रही है।
संवाद सहयोगी, हरोली : अवैध खनन के मुद्दे पर कांग्रेस प्रशासन व सरकार को लगातार घेर रही है। मंगलवार को हरोली ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पंडोगा में रेत से भरे छह टिप्पर रोके। इस दौरान टिप्पर चालकों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बहस भी हुई। माहौल बिगड़ता देख पंडोगा पुलिस चौकी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। ओवरलोड टिप्परों के चालान काटे।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने खुद सड़क पर उतरकर रेत से भरे टिप्पर रोके थे। पुलिस प्रशासन व भाजपा सरकार को घेरा था। खनन माफिया पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था। वहीं सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुलहैड़ गांव में ओवरलोड टिप्परों को रोककर प्रदर्शन किया था।
------------------
भाजपा सरकार पर आरोप
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारों पर बड़े पैमाने पर खनन माफिया स्वां व खड्डों का सीना छलनी कर रहा है जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
-------------
सड़क पर लगा जाम
झलेड़ा-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर पड़ते पंडोगा में पकड़े टिप्परों में तय सीमा से अधिक रेत भरी थी। एक टिप्पर तो चौकी पंडोगा के निकट ही ज्यादा भार की वजह से फंस गया जिससे चौकी को जाने वाला रास्ता भी बंद हो गया था। टिप्पर रोकने के दौरान सड़क पर जाम लग गया। इसके बाद पंडोगा पुलिस कर्मी पहुंचे। छह टिपरों का चालान काटा।