विधायक की पत्नी, बेटी व स्टाफ समेत 28 संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। गगरेट विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजेश ठाकुर की पत्नी बेटी और स्टाफ भी कोरोना पॉजिटिव निकला है।
जागरण संवाददाता, ऊना : जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। गगरेट विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजेश ठाकुर की पत्नी, बेटी और स्टाफ भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। अगर 24 घंटे की बात करें तो करीब 44 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 16 रविवार शाम को पॉजिटिव पाए गए थे जबकि सोमवार को आई रिपोर्ट में 28 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कैंसर का एक रोगी भी संक्रमित निकला है।
शनिवार को ऊना से भेजे गए सैंपलों में कुल 27 लोग संक्रमित निकले हैं। 16 की सूचना रविवार शाम को आ चुकी थी। शेष 11 की सूचना सोमवार तड़के आई है। इनमें जलशक्ति विभाग के 55, 51 और 32 वर्षीय तीन कर्मी संक्रमित हुए हैं। ऊना उपमंडल के डंगोली का 43 वर्षीय राजस्व विभाग का कर्मी संक्रमित पाया गया है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में तैनात 34 वर्षीय महिला स्वास्थ्य कर्मी भी ड्यूटी के दौरान ही संक्रमित के संपर्क में आने से संक्रमित हुई हैं। अम्ब की 35 वर्षीय महिला भी कोरोना की चपेट में आई है। वह चंडीगढ़ से लौटी थी। ग्राम पंचायत गगरेट का 46 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव हुआ है। कुटलैहड़ क्षेत्र के ही डैन मंदली का लेह लद्दाख से लौटा 21 वर्षीय युवक संक्रमित हुआ है। कुटलैहड़ क्षेत्र के लिदकोट का नागालैंड से लौटा 21 वर्षीय युवक संक्रमित निकला है। कुटलैहड़ क्षेत्र के ही समूरखुर्द का आबुधावी से लौटा 30 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव पाया गया है। हरोली उपमंडल के बढेड़ा का भी एक 65 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। यह व्यक्ति कैंसर रोग से पीड़ित है।
-----------
ऊना से रविवार को जांच के लिए भेजे गए 246 सैंपलों में 17 पॉजिटिव पाए गए। सोमवार शाम को आई रिपोर्ट में गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर की 48 वर्षीय पत्नी, 16 वर्षीय बेटी सहित 25 वर्षीय पीए और 33 वर्षीय पीएसओ संक्रमित निकले हैं। उपमंडल बंगाणा के सिहाना का 37 वर्षीय भाजपा नेता कोरोना पॉजिटिव आया है। यह नेता ऊना में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की बैठक में भी शामिल हुआ था। ऊना के चड़तगढ़ की 47 वर्षीय महिला स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमण की चपेट में आई है। ऊना के ही पनोह का 15 वर्षीय बालक भी संक्रमित हुआ है। वह परिवार के साथ बद्दी से लौटा था। हरोली के रोड़ा सेंसोवाल का दिल्ली से लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। ऊना के नंगल जरियाला का 46 वर्षीय सेना का जवान संक्रमित निकला है। वह दिल्ली से लौटा था। ऊना के बसाल का 81 वर्षीय वृद्ध भी संक्रमण की चपेट में आया है। ऊना के गांव अजनोली में पांच कोरोना संक्रमित मामले पाए गए हैं।