कैडेट्स ने विपरीत हालात में खुद के बचाव के तरीके सीखे
जेएंडके नेवल यूनिट एनसीसी श्रीनगर का गोबिदसागर झील में नौकायन अभियान का समापन हो गया।
जागरण संवाददाता, ऊना : जेएंडके नेवल यूनिट एनसीसी श्रीनगर का गोबिदसागर झील में नौकायन अभियान का समापन हो गया। कैडेटों ने झील में करीब चार सौ किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान कई घंटे तक सेलिग की गई। इन कैडेट्स को समुद्र के बीच की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। कई प्रशिक्षकों ने उन्हें नौकायन के अलावा विपरीत परिस्थितियों में अपने बचाव और सिविल सोसायटी की सुरक्षा कैसे की जा सकती है इसकी भी जानकारी दी।
बता दें कि एनसीसी निदेशालय, जम्मू-कश्मीर के तत्वावधान में राज्य एनसीसी नेवल यूनिट की ओर से यह नौकायन अभियान चलाया गया था। अभियान दल में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न कॉलेजों से चुने गए 60 प्रशिक्षित कैडेट्स शामिल थे। अभियान का संचालन लेफ्टिनेंट कमांडर कपिल कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया।
12 दिन की अवधि में अभियान दल ने कई सामाजिक सेवा गतिविधियों को भी अंजाम दिया। इस दौरान कैडेट्स ने स्वच्छ भारत रैलियां, स्वच्छता अभियान, नुक्कड़ नाटक, सफाई पानी निकाय सहित अन्य गतिविधियों में भाग लिया। इससे स्थानीय लोगों को पर्यावरण की रक्षा करने के साथ ही बेहतर समाज की स्थापना के अलावा अन्य जानकारियां दी गई। स्थानीय युवाओं को भारतीय नौसेना की भूमिका के बारे में अवगत कराया गया।