लाज किशोर और विजय ठाकुर की अध्यक्ष के लिए दावेदारी मजबूत
सोलन जिला में जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित के निदेशक मंडल चु
मनमोहन वशिष्ठ, सोलन :
सोलन जिला में जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित के निदेशक मंडल चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की एकतरफा जीत हुई। कांग्रेस समर्थित कोई भी प्रत्याशी जीत दर्ज नहीं कर पाया। अब अध्यक्ष का चुनाव होना है। छह जोन में जीते दो निदेशक ऐसे हैं, जो पहले भी चेयरमैन रहे चुके हैं। कंडाघाट जोन से विजय ठाकुर बैंक के चेयरमैन थे, जबकि कसौली से जीते लाज किशोर शर्मा धूमल सरकार के समय में बैंक के चेयरमैन रहे हैं।
लाज किशोर शर्मा कसौली भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक डॉ. राजीव सैजल के बेहद करीबियों में से एक हैं। ऐसे में लाज किशोर शर्मा की दावेदारी को दरकिनार नहीं किया जा सकता। वरिष्ठ होने के साथ सभी को साथ लेकर चलने में भी उनकी कुशलता है। वह संगठन में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। वहीं, नालागढ़ से योगेश कुमार के नाम की भी चर्चा है। कसौली जोन से लाज किशोर शर्मा, नालागढ़ जोन से योगेश कुमार व संजीव कौशल, सोलन जोन से बुधराम ठाकुर व कंडाघाट जोन से विजय ठाकुर निदेशक चुने हैं। कुछ निदेशक सरकार मनोनीत करेगी। निदेशक मंडल के सदस्य ही अपने बीच से चेयरमैन चुनेंगे। हालांकि इसमें सरकार का भी अहम रोल होता है।
-------
संगठन व नेताओं का बढ़ा कद
वहीं, भाजपा की इस जीत से जिला में भाजपा संगठन व नेताओं का कद बढ़ा है। हालांकि प्रदेश में सरकार का फर्क पड़ता है, लेकिन इससे पूर्व में कांग्रेस की सरकार होने पर भाजपा के प्रत्याशी जीतते रहे हैं। कांग्रेस समर्थित एक भी प्रत्याशी का न जीतना भी कांग्रेस के लिए सबक है। भाजपा इस जीत से गदगद है व आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए भी इस जीत से उत्साहित है। हालांकि कांग्रेस संगठन का बैंक के चुनाव में खासा रोल देखने को नहीं मिला, जबकि भाजपा नेताओं ने इसके लिए जोर लगाया हुआ था।
-------
चुनाव छोटा हो या बड़ा कांग्रेस की हार निश्चित : कश्यप
हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने निदेशक मंडल के चुनाव पर कहा कि एक बार फिर भाजपा ने सभी छह सीटें जीतकर अपना परचम लहराया है और कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने सभी विजेता निदेशकों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मान लेना चाहिए कि चुनाव छोटा हो या बड़ा उसको करारी हार का सामना ही करना पड़ेगा।