सोलन में 200 बड़े नेताओं ने लगाया डेरा
नगर निगम चुनाव पहली बार पार्टी चिह्न पर हो रहे हैं। भाजपा लोगों की मांग प
सुनील शर्मा, सोलन
नगर निगम चुनाव पहली बार पार्टी चिह्न पर हो रहे हैं। भाजपा लोगों की मांग पूरा कर तीन नगर निगम बनाने की बात कह रही है तो कांग्रेस विकास कार्यो की अनदेखी को लेकर जनता के बीच जा रही है। सोलन में प्रदेशभर से करीब 200 नेता डटे हुए हैं, जो पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित बनाने के लिए जोर लगा रहे हैं।
सोलन नगर निगम में भाजपा ने 17 वार्डो के लिए करीब 109 बड़े नेताओं को प्रभारी, सह प्रभारी व सहयोगी के तौर पर तैनात किया है। कांग्रेस ने भी करीब 88 नेताओं को तैनात किया है। अब इन चुनाव में दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दाव पर लग गई है। प्रदेश के कई विधायक, पूर्व विधायक, मंत्री, निगम अध्यक्ष चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाले हुए हैं। मौजूदा मंत्री डा. राजीव सैजल व सुखराम चौधरी सहित पूर्व मंत्री राजीव बिंदल और नरेंद्र बरागटा सोलन में डटे हैं। विधायक रीना कश्यप व परमजीत सिंह पम्मी और पूर्व विधायक केएल ठाकुर, सूरत नेगी, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप और पूर्व मेयर कुसुम सदरेट प्रचार कर रहे हैं। इसी तरह छह बोर्ड अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनावी बेला पर सोलन में डेरा डाले हुए हैं। इनमें सूरत नेगी, दर्शन सैणी, बदलेव भंडारी, रतन पाल, संजीव कटवाल और डेजी ठाकुर शामिल हैं।
वहीं, कांग्रेस के कई विधायक व एक पूर्व मंत्री भी खूब भागदौड़ कर रहे हैं। इनमें पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, विधायक हर्षवर्धन चौहान, रामलाल ठाकुर, लखविद्र राणा, जगत सिंह नेगी, राजेंद्र राणा, विनय कुमार और पूर्व विधायकों में गंगुराम मुसाफिर, राम कुमार चौधरी, अजय बहादुर, रोहित ठाकुर और किरणेश जंग सहित कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार के लिए सोलन में कैंप लगाए हुए हैं।