नेस्ले में चयनित हुए शूलिनी विवि के चार विद्यार्थी
शूलिनी विश्वविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट के लिए खाद्य उत्पाद बनाने वाली कं
जागरण संवाददाता, सोलन : शूलिनी विश्वविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट के लिए खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी नेस्ले ने एक शुरुआत की है। इसमें चार खाद्य प्रौद्योगिकी विद्यार्थियों का चयन किया है। अगले साल स्नातक होने के बाद प्रिसिज असीजा, ओजस्वी मल्होत्रा, आर्यन कौशल और श्वेता श्रीवास्तव नेस्ले में पोषण अधिकारी के रूप में शामिल होंगे। नेस्ले 2018 से शूलिनी के विद्यार्थियों का चयन कर रही है और यह नेस्ले में शामिल होने वाला तीसरा बैच होगा।
विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. अरविद नंदा ने कहा कि यह वास्तव में हर्षजनक और विश्वसनीय है कि जब प्रमुख अर्थव्यवस्था में मंदी जारी है, तब भी बड़ी-बड़ी कंपनियां शूलिनी के विद्यार्थियों को भर्ती करने के लिए आगे आ रही हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय की ओर से अधिकांश इच्छुक विद्यार्थियों को जो 2020 में स्नातक कर चुके हैं, सफलतापूर्वक नौकरी में नियुक्त कर दिया गया है। प्रो. नंदा ने कहा कि ये उपलब्धियां शूलिनी में प्रभावी प्रक्रियाओं का परिणाम हैं, जो छात्रों को अपने करियर के लक्ष्य को पहचानने में मदद करने के साथ शुरू होती हैं। कुशल और तकनीकी कौशल की मदद से विद्यार्थी अपनी योग्यता में बढ़ोतरी करते हैं। अधिकांश विद्यार्थियों की नियुक्तियां भी ऑनलाइन हुई हैं।