पार्को पर लाखों खर्च, सुविधाएं नाममात्र
मनमोहन वशिष्ठ सोलन शहर में लोगों के मनोरंजन के लिए बनाए गए पार्को की हालत काफी खराब
मनमोहन वशिष्ठ, सोलन
शहर में लोगों के मनोरंजन के लिए बनाए गए पार्को की हालत काफी खराब है। यहां पर पार्क तो बनाए गए हैं, लेकिन उनमें सुविधाएं नाममात्र ही हैं। लोग पार्को में भागदौड़ भरी जिदगी से फुर्सत के पल बिताने आते हैं, लेकिन यहां पर सुविधाएं न मिलने के कारण निराश होना पड़ता है।
यहां पर बच्चों के मनोरंजन के लिए लगे झूले भी दयनीय हालत में हैं। संगीतमयी फव्वारा भी मात्र शोपीस बनकर रह गया हैं। यह मुद्दा इसलिए भी अहम है, क्योंकि अब नगर परिषद का दर्जा बढ़कर नगर निगम का हो गया है और यहां चुनाव का बिगुल भी बज चुका है। पांच वर्षो तक नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा रहा, लेकिन पार्को के विकास में कोई मनोरंजन लायक योजना इस दौरान नहीं शुरू हुई।
शहर के मालरोड पर स्थित चिल्ड्रन पार्क में आज भी कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कहीं लाइट्स नहीं जलती हैं तो कहीं बैठने के लिए बैंच नहीं हैं। बोलने के लिए चिल्ड्रन पार्क है, लेकिन बच्चों के मनोरंजन के लिए एकाध झूलों को छोड़कर कुछ विशेष नहीं है। चार साल पहले शहर के पार्को के रखरखाव के लिए एक करोड़ की योजना बनी थी। इसमें चिल्ड्रन पार्क के लिए 10 लाख, मोहन पार्क पर 10 लाख और जवाहर पार्क के रखरखाव पर 30 लाख रुपये खर्च करने के लिए योजना बनी थी। इन पैसों से पार्को में नए झूले, क्यारियां व सुंदरता बढ़ाने के लिए अन्य कार्य किए जाने थे, जिससे लोग पार्को की ओर आकर्षित हों।
इसके अलावा गंज बाजार में नए बनने वाले पार्क पर भी 30 लाख खर्च करने की योजना थी। अब इस बजट से पार्को का कितना सुंदरीकरण हुआ है, यह सबके सामने है। हालांकि पार्को में बजट के अनुरूप कार्य न होने पर सवाल भी उठे थे, जिसकी जांच भी हुई थी। अब लोगों को इन चुनाव में खड़े होने वाले प्रत्याशियों व चुनाव के बाद निर्वाचित होने वाले नेताओं से पार्को के सुधार की आस है। क्या कहती है कांग्रेस-भाजपा
कांग्रेस सरकार के समय में शहर के पार्को के जीर्णोद्धार के लिए एक करोड़ की राशि आई थी, वह राशि कहां लगी किसी को पता नहीं है। जवाहर पार्क में तो कई नए कार्य होने थे, लेकिन उसमें कुछ नहीं हुआ है। चिल्ड्रन पार्क में भाजपा सरकार के समय करीब 14 लाख से संगीतमयी फव्वारा लगाया गया था, लेकिन वह भी खराब है। भाजपा समर्थित रही नगर परिषद शहर के साथ पार्को का विकास करवाने में भी फिसड्डी साबित हुई है।
- अमन सेठी, मीडिया पैनलिस्ट प्रदेश कांग्रेस व पूर्व मनोनीत पार्षद सोलन। भाजपा समर्थित रही नगर परिषद में शहर के विकास के लिए कार्य किए गए हैं। पार्को पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अगर भाजपा समर्थित नगर निगम बनता है तो शहर में पार्को को विशेष तौर पर तैयार किया जाएगा, ताकि बच्चे मोबाइल फोन छोड़कर पार्को में खेल सकें। इसके अलावा अन्य कार्यो को भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
- मुकेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष भाजयुमो सोलन मंडल।