हादसे का कारण बन सकते हैं कुनिहार में सूखे पेड़
कुनिहार के मुख्य मार्गो पर सड़क के दोनों और विशालकाय सूखे पेड़ हादसों को न्यौता दे रहे हैं।
देवेंद्र तनवर, कुनिहार
कुनिहार के मुख्य मार्गो पर दोनों ओर सूखे विशाल पेड़ हादसे का कारण बन सकते हैं। तेज हवा चलने पर अकसर इनकी बड़ी टहनियां टूट जाती हैं। कुछ दिन पहले भी तूफान के कारण मुख्यमार्ग पर दो पेड़ गिर गए थे, जिससे बिजली के पोल तक टूट गए। कुनिहार में और भी सूख चुके पेड़ गिरे हैं। हालांकि लोगों की आवाजाही कम होने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। क्षेत्र में और भी कई ऐसे पेड़ हैं जो कभी भी गिर सकते हैं। इनसे मकानों को भी खतरा है।
कोठी चौक से ऊंचा गांव, तालाब मार्ग में भी ऐसे पेड़ हैं। कर्फ्यू में ढील बढ़ने के बाद ये पेड़ बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अलावा वन विभाग से भी आग्रह किया है की सफेदे के विशाल पेड़ों को काटा जाए। स्थानीय निवासी अरविंद जोशी, संजय, सुरेश जोशी, कामेश्वर शर्मा, पूर्ण चंद, नंदलाल, मुकेश, रवि, प्रेम, पवन, सुनील कुमार, लक्ष्य व राहुल आदि ने कहा कि स्थानीय प्रशासन शायद हादसे का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों से इस समस्या का समाधान करने की मांग कर चुके हैं।
वहीं, वन मंडल अधिकारी सतीश नेगी ने बताया कि कुनिहार क्षेत्र में कई पेड़ खतरा बन चुके हैं। समस्या के समाधान की मांग लोग जनमंच व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी कर चुके हैं। विभाग जल्द लोक निर्माण विभाग व पंचायत प्रधानों के साथ मिलकर संयुक्त कमेटी बनाकर पेड़ों को कटवाएगा। लोक निर्माण विभाग कुनिहार के सहायक अभियंता राज कुमार ने बताया कि 53 पेड़ काटने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी है। जैसे ही अनुमति मिलेगी पेड़ों को काट दिया जाएगा।