पेट्रोल-डीजल की कीमत के खिलाफ संगड़ाह में कांग्रेस का प्रदर्शन
श्रीरेणुकाजी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल-डीजल व गैस की बढ़ती कीमत के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, नाहन : श्रीरेणुकाजी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल-डीजल व गैस की बढ़ती कीमत के खिलाफ संगड़ाह में प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों ने संगड़ाह बाजार में केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रकट कर नारेबाजी की। इस दौरान एसडीएम संगड़ाह के माध्यम से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ज्ञापन भेजा गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तपेंद्र चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार तेल कीमतों में बढ़ोतरी कर आम आदमी की परेशानी बढ़ा रही है। एक तरफ कोरोना महामारी के कारण लोगों के कामधंधे ठप पड़े हैं, वहीं लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। कोरोना के संकट से लोगों को निकालने के लिए सरकार को लोगों को आर्थिक मदद देनी चाहिए। लेकिन इसके विपरीत केंद्र सरकार आम आदमी पर महंगाई थोप रही है।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि अगर सरकार तेल की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित कर कम नहीं कर पाती है, तो कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी। इस दौरान पीसीसी सदस्य यशपाल चौहान, मंडल महासचिव मित्र सिंह तोमर, दिलीप चौहान, जोन अध्यक्ष कुशल सिंह तोमर, स्वर्ण सिंह नेगी, अनिल शर्मा, हरिदर शर्मा, ओपी ठाकुर, विवेक चौहान, दिनेश ठाकुर मौजूद रहे।