अर्की सायरोत्सव शुरू, महामारी पर जीत की कामना
कोरोना वायरस से निपटने के लिए लोगों को आत्म अनुशासन अपनाने की आवश्यकता
संवाद सूत्र, अर्की : कोरोना वायरस से निपटने के लिए लोगों को आत्म अनुशासन अपनाने की आवश्यकता है, तभी इस संकट की घड़ी में सुरक्षित रहा जा सकता है। यह बात स्वास्थ्य व आयुर्वेद मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने अर्की में जिलास्तरीय सायरोत्सव के शुभारंभ पर कही। डॉ. सैजल ने इससे पूर्व प्राचीन काली माता मंदिर में भैंसे का पूजन कर सायरोत्सव का आगाज किया। उन्होंने जिला सोलन सहित प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना के साथ कोरोना महामारी से सभी की रक्षा के लिए प्रार्थना भी की।
हर वर्ष यहां सांस्कृतिक संध्याओं में लोक गायकों के साथ बॉलीवुड और पंजाब के कलाकार लोगों का मनोरंजन करते थे, लेकिन कोरोना संकट के कारण इस बार यह आयोजन नहीं होगा। मेला भी नहीं लगेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सायर मेला बाघल क्षेत्र की प्राचीन परंपरा है और यह नवीनता का परिचायक है। उत्तर भारत में सायर उत्सव पर अलग-अलग परंपरा इसे मनाने की है। हिमाचल प्रदेश के लिए यह त्योहार विशेष है। कई वर्षो में सभ्यता के विकास के साथ-साथ मेले के स्वरूप में भी परिवर्तन हुआ है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे मेले की प्राचीनता व गरिमा को बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मेले एवं त्योहार राष्ट्रीय समरसता के प्रतीक हैं और सभी के सहयोग से ही संस्कृति का संरक्षण सुनिश्चित होगा।
डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर सरकार की नजर है व इससे निपटने के लिए सरकार के पास पर्याप्त साधन व सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रतन सिंह पाल, भाजपा अर्की मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार उपाध्याय, भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा अर्की की अध्यक्ष रीना भारद्वाज, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य ओपी गांधी, एसडीएम अर्की विकास शुक्ला, डीएसपी प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रवि कपूर आदि मौजूद रहे।