राजस्व रिकॉर्ड के लिए राजगढ़ व सराहां की दौड़
राजन पुंडीर नाहन जिला सिरमौर के सराहां में एक वर्ष पूर्व खोला गया पच्छाद उपमंडल कार्यालय अ
राजन पुंडीर, नाहन
जिला सिरमौर के सराहां में एक वर्ष पूर्व खोला गया पच्छाद उपमंडल कार्यालय अब लोगों को सुविधा की जगह परेशानी का सबब बनने लग गया है। पच्छाद उपचुनाव से दो माह पूर्व सराहां में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहली सितंबर 2019 को एसडीएम कार्यालय का शुभारंभ किया था। साथ ही एसडीएम कार्यालय को मिलने वाली सभी सुविधाएं व सभी विभाग देने की घोषणा भी की थी। एक वर्ष बीतने के बाद भी राजस्व संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी नहीं मिल रही है। तीन माह से 24 पटवार सर्किल का राजस्व संबंधित रिकॉर्ड सरकारी बस्तों में ही बंद है। इस कारण तीन माह से लोग राजगढ़ व सराहां के चक्कर काट रहे हैं मगर उन्हें राजस्व रिकॉर्ड नहीं मिल रहा है।
विधायक रीना कश्यप ने विधानसभा में सरकार से सवाल पूछा था कि पच्छाद उपमंडल सराहां में राजस्व रिकॉर्ड मिलना कब से शुरू होगा तथा वहां पर कब स्टाफ की नियुक्ति होगी। इस पर राजस्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ने तत्काल आदेश करते हुए जल्द राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने तथा वहां पर पद स्वीकृत करने के निर्देश जारी किए थे मगर तीन माह भी कुछ नहीं हुआ और न ही सरकार ने राजस्व रिकॉर्ड जारी करने वाले कानूनगो, पटवारी, चौकीदार व बस्ता बरदार के पद सृजित किए। पच्छाद उपमंडल का जो रिकॉर्ड पहले राजगढ़ मिल जाता था, पिछले तीन महीनों से वो भी नहीं मिल रहा है। क्योंकि राजगढ़ से राजस्व रिकॉर्ड सराहां शिफ्ट करने व स्थापित करने की प्रक्रिया में विभाग ने तीन महीने से अधिक का समय लगा दिया है।
उधर, राजस्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ने बताया कि सराहां स्थित पच्छाद उपमंडल कार्यालय में जल्द ही लोगों को राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध करवा दिया जाएगा।