प्रदेश का पहला शैक्षणिक रेडियो स्टेशन हेलो मोगीनंद शुरू
वीरवार को सिरमौर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगिनंद में देश के छठे व हिमाचल प्रदेश के पहले कैंपस शैक्षणिक रेडियो स्टेशन का शुभारंभ हुआ। हेलो मोगिनंद रेडियो स्टेशन का शुभारंभ वंदे मातरम से किया गया। जिसका प्रसारण
जागरण संवाददाता, नाहन : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोगीनंद में हिमाचल के पहले रेडियो स्टेशन हेलो मोगीनंद की शुरुआत वीरवार को हुई। 8 मिनट 51 सेकेंड का प्रथम प्रसारण वंदेमातरम् हुआ। इसके बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष राजीव बिंदल का संदेश प्रसारित किया। सिरमौर जिला में शुरू किया गया यह शैक्षणिक रेडियो स्टेशन हिमाचल का पहला व देश का छठा रेडियो स्टेशन है। वीरवार के प्रसारण का मुख्य विषय में रेडियो आज और कल रहा। इस पर 12वीं की छात्रा ज्योति, 11वीं के छात्र सुनील, 12वीं के अभिषेक व दसवीं के अमन, सलोनी और कल्पना ने केंद्र निदेशक संजीव अत्री के साथ चर्चा में भाग लिया। शैक्षणिक रेडियो स्टेशन की स्थापना मुंबई की आरडी ब्रॉडका¨स्टग कंपनी के सहयोग से की गई है। रेडियो स्टेशन के लिए तीन सॉफ्टवेयर उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं।
विज्ञान प्रवक्ता संजीव अत्री ने बताया कि जल्द ही हेलो मोगीनंद रेडियो स्टेशन का मोबाइल एप उपलब्ध हो जाएगा। इस रेडियो स्टेशन से प्रतिदिन विद्यालय में 10वीं, 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाए जाने वाले विषयों का लाइव प्रसारण भी होगा। इसके लिए विद्यालय में एक छोटा स्टूडियो तैयार किया गया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रदेश के पहले रेडियो स्टेशन के शुरू होने से विद्यार्थी उत्साहित हैं।
---------
स्कूल के नाम हैं दो विश्व रिकॉर्ड
मोगीनंद स्कूल के बच्चों ने विज्ञान प्रवक्ता संजीव अत्री के नेतृत्व में विश्व रिकॉर्ड बनाएं हैं। फरवरी 2018 में तंबाकू पदार्थो के विरोध में स्कूल के स्काउटस एवं गाइड्स के 80 स्वयंसेवियों ने एक मिनट में कागज के 7730 हवाई जहाज उड़ाए थे। इस रिकॉर्ड को विश्व रिकॉर्ड ऑफ गोल्डन बुक में दर्ज किया गया है। 2017 में लगातार 108 घंटे तक पढ़ाई करने का रिकॉर्ड भी स्कूल के नाम दर्ज है। इसे गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया है। स्कूली बच्चों द्वारा एक शार्ट डाक्यूमेंटरी फिल्म बनाई गई थी। इसका नाम टूमारो वीद फैटल डे है। इसे राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। बच्चों द्वारा बनाई गई गुल्लू व गिलहरी डाक्यूमेंटरी फिल्म भी काफी चर्चित हुई थी। स्कूल के 14 स्काउट एंड गाइड को राष्ट्रपति से पुरस्कार व 41 स्काउट्स एंड गाइड के छात्रों को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।