नाहन के बस हादसे के घायल ने पीजीआइ ले जाते समय तोड़ा दम
श्रीरेणुकाजी क्षेत्र के थाना कसोगा में वीरवार शाम को हुई निजी बस दुर्घटना के गंभीर घायल व्यक्ति ने पीजीआइ पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया
नाहन,जेएनएन। श्रीरेणुकाजी क्षेत्र के थाना कसोगा में वीरवार शाम को हुई निजी बस दुर्घटना के गंभीर घायल व्यक्ति ने पीजीआइ पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। बस दुर्घटना के घायलों को देर शाम ही एंबुलेंस की सहायता से डॉ. वाइएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया था। नाहन में प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया। मगर चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही 68 वर्षीय रिखी राम निवासी बडग-टिक्कर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि रक्षा देवी की हालत स्थिर बताई जा रही है। वीरवार शाम को हुई बस दुर्घटना में चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य घायल हुए थे। इनमें से एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। बस हादसे में मृतकों की सख्यां दो हो गई है। श्रीरेणुकाजी पुलिस थाना प्रभारी देवी सिंह ने व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है।