ज्ञान भवन के पास बनेगी पार्किंग, सड़क होगी पक्की
जागरण संवाददाता नाहन पांवटा साहिब के गोंदपुर में घृत बाहती चहांग महासभा के ज्ञान-भवन क
जागरण संवाददाता, नाहन : पांवटा साहिब के गोंदपुर में घृत बाहती चहांग महासभा के ज्ञान-भवन का शिलान्यास बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी किया। यह भवन लगभग 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित होगा। उन्होंने कहा कि इस भवन के अंतर्गत लगभग 200 मीटर सड़क को जल्द पक्का किया जाएगा तथा साथ लगती खड्ड पर पुल का निर्माण कार्य भी जल्द किया जाएगा। ज्ञान भवन के साथ पांच लाख की लागत से पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि घृत बाहती चहांग समाज के अधिकतर लोग खेतीबाड़ी से जुड़े हैं। इसलिए उन्हें यह याद रखना चाहिए कि उनके बुजुर्गों ने इस भूमि को अपनी मेहनत से संजोया है तथा उन्हें इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने सभी को नगदी फसलें उगाने का भी सुझाव दिया। सभा के पदाधिकारियों को क्षेत्र में बढ़ रहे नशे के खिलाफ अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का भी सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय में पांवटा विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हुआ है। जब क्षेत्र में विकास कार्य होते हैं तो क्षेत्रवासियों को कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ता है परंतु अंत में सब योजनाओं का लाभ उन्हें ही प्राप्त होता है। इस अवसर पर अध्यक्ष महासभा नंद लाल, पूर्व विधायक फतेह सिंह महरालू, सचिव ओबीसी मोर्चा हिमाचल प्रदेश एवं चेयरमैन महासभा सुभाष चौधरी, सदस्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राहुल चौधरी, भजन चौधरी, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा पांवटा साहिब चरणजीत चौधरी, देवेन्द्र चौधरी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष , अध्यक्ष महासभा उत्तराखंड राजा राम लखेरू, प्रधान गोरखुवाला सुरेखा चौधरी, अधिशासी अभियंता विद्युत बोर्ड अजय चौधरी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग केएल चौधरी, खंड विकास अधिकारी रवि प्रकाश जोशी आदि मौजूद रहे।