सूखे की स्थिति से निपटने के लिए सरकार तैयार: महेंद्र सिंह
नाहन में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल समस्या वाले क्षेत्रों में लोगों के लिए पेयजल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाए
नाहन, जेएनएन। जलस्रोतों में पानी कम हो गया है। इससे सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यह गंभीर चुनौती है, मगर प्रदेश सरकार सूखे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह बात वीरवार को नाहन में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने दी। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिरमौर जिला के पेयजल समस्या वाले क्षेत्रों में लोगों के लिए पेयजल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाए तथा हैंडपंप स्थापित किए जाएं।
मंत्री बचत भवन के सभागार में प्रशासन तथा विभागीय अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्युत बोर्ड के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पेयजल अथवा सिंचाई योजनाओं में बिजली सप्लाई की आपूर्ति की जानी है, ऐसी सभी योजनाओं में समयबद्ध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। महेंद्र सिंह ने कहा कि पेयजल टैंकों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए।
पच्छाद में दस वर्ष से निर्मित की जा रही बागपशोग उठाऊ पेयजल योजना पर मंत्री ने कड़ा संज्ञान लिया और कहा कि इस योजना का निर्माण कार्य 31 अगस्त से पहले पूरा किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन खड्डों की बाढ़ से लोगों की निजी भूमि को नुकसान हो रहा है। ऐसी नदी-नालों के तटीकरण के लिए डीपीआर तैयार की जाए। जानकारी दी कि यमुना नदी के लेफ्ट बेंक के तटीकरण के लिए 15 करोड़ और गिरी नदी के राजबन तक के क्षेत्र के तटीकरण के लिए 31 करोड़ की डीपीआर तैयार कर दी गई है। इस मौके पर विधायक पावटा सुखराम चौधरी, विधायक पच्छाद सुरेश कश्यप, पूर्व विधायक शिलाई निर्वाचन क्षेत्र बलदेव तोमर, बलबीर चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला परिषद उपाध्यक्ष परीक्षा चौहान, पंचायत समिति नाहन की अध्यक्षा कविता चौहान, नप अध्यक्ष अनिता शर्मा आदि मौजूद रहीं।