Move to Jagran APP

आसमान से बरस रही आग, तापमान 45 डिग्री पार

जिला सिरमौर के मैदानी क्षेत्रों में एक सप्ताह से काफी गर्मी पड़ रही है। इससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

By JagranEdited By: Published: Tue, 07 Jun 2022 04:04 PM (IST)Updated: Tue, 07 Jun 2022 04:04 PM (IST)
आसमान से बरस रही आग, तापमान 45 डिग्री पार
आसमान से बरस रही आग, तापमान 45 डिग्री पार

जागरण संवाददाता, नाहन : जिला सिरमौर के मैदानी क्षेत्रों में एक सप्ताह से काफी गर्मी पड़ रही है। ऐसे में लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। जिला सिरमौर इन दिनों प्रचंड गर्मी की तपिश से झुलस रहा है। लू बढ़ने के साथ गर्मी ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। एक सप्ताह से गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि कामकाज करना तक मुश्किल हो गया है।

loksabha election banner

जिला मुख्यालय नाहन भी अब गर्मी से अछूता नहीं रहा है। मंगलवार को नाहन का तापमान 39 डिग्री पहुंच गया। दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। कई सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की चहल-पहल काफी कम दिखी। यहां तक कि दिल्ली गेट के आसपास बसों के इंतजार में अकसर भीड़ रहती है, लेकिन गर्मी के बीच यह स्थान भी सुनसान दिखा। सबसे अधिक गर्मी औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और पांवटा साहिब में पड़ रही है। मंगलवार को औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब का तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया, जबकि पांवटा साहिब में भी तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया।

जिले के निचले इलाके इस समय लू (गर्म हवाओं) से जूझ रहे हैं। हालत यह है कि घर के भीतर भी लोगों को सुकून नहीं मिल रहा। जिले का सतौन क्षेत्र का तापमान भी 41 डिग्री पहुंच गया। वहीं धौलाकुआं में दिन का तापमान 40.8 डिग्री रहा। सराहां जैसे ठंडे इलाके में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। यहां भी तापमान 34 और राजगढ़ का तापमान 35 डिग्री रहा।

मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक डा. सुरिद्र पाल ने बताया कि अभी गर्मी से राहत के कम आसार हैं। आठ जून के बाद प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है, लेकिन इसका असर काफी कम रहेगा। आइसक्रीम व ठंडे पेय का सहारा

सिरमौर जिले में कुछ दिन से मैदानी इलाके प्रचंड गर्मी से तप रहे हैं। दोपहर, सुबह व शाम तो गर्मी अपनी प्रचंड रूप दिखा ही रही है, रात के समय भी तापमान ने लोगों को परेशान कर रहा है। प्रचंड धूप व गर्मी से बचने के लिए लोग आइसक्रीम व ठंडा पेय पीकर गर्मी से राहत पाने के प्रयास कर रहे हैं। दुकानों व खुले आसमान तले बेची जा रही आइसक्रीम की रेहड़ी आदि स्थानों पर बच्चों व लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। वहीं, गन्ने का जूस भी राहत पाने का जरिया बना हुआ है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.