पच्छाद में बूथ पर डम्मी ईवीएम रखने पर विवाद, निर्वाचन विभाग से शिकायत के बाद जांच का आदेश
जिला सिरमौर की पच्छाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया।
नाहन, जेएनएन। जिला सिरमौर की पच्छाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि पोलिंग बूथ नंबर 84 गडासर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डमी मशीन रखी हुई थी व इससे लोगों को गुमराह कर रहे थे। कांग्रेस प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर के बेटे पंकज मुसाफिर ने इसकी शिकायत निर्वाचन विभाग शिमला से कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए 100 मीटर के दायरे से पहले ही अपना एजेंट बूथ स्थापित किया हुआ था। आरोप है कि कथित कार्यकर्ता ने एक महिला से बदसलूकी की है। मामले की जांच की जा रही है।
विवाद होने के बाद प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया व बूथ सौ मीटर के दायरे से बाहर कर दिया गया। बूथ पर पुलिस का कड़ा पहरा है। कांग्रेस नेता ने इस पूरे प्रकरण की निर्वाचन विभाग कार्यालय शिमला से लिखित शिकायत कर दी है। एसडीएम राजगढ़ नरेश वर्मा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्थानीय पुलिस को जांच का आदेश दिया है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बूथ को दूरी के तय मानकों अनुसार उचित स्थान पर पीछे कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध जताया था।