होटल में कर्मचारी की पिटाई, पीजीआई में तोड़ा दम
beating of hotel Employee. होटल में साथियों की पिटाई से जख्मी कर्मचारी की पीजीआई में मौत हो गई है।
जागरण संवाददाता, नाहन। नाहन-जमटा-पंजाहल मार्ग पर पंजाहल के समीप एक निजी होटल के कर्मचारियों में किसी बात को लेकर शुक्रवार देर सायं को विवाद हुआ। उसके बाद होटल के तीन कर्मचारियों ने मिलकर एक अन्य कर्मचारी राजेंद्र ठाकुर को पीट-पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। उसके बाद गंभीर हालत में होटल के समीप फेंक दिया। जब गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को थोड़ा होश आया। तो उसने अपने साथ हुए मारपीट की सूचना अपने परिजनों को दी।
इसके बाद शुक्रवार देर रात को उसे नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे शनिवार तडक़े पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। जहां पर रविवार दोपहर को राजेंद्र ठाकुर ने दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेंद्र ठाकुर पुत्र स्वर्गीय रूप सिंह निवासी चाई मंडोग होटल में काफी समय से कार्यरत था। शनिवार सायं को ग्रामीणों ने इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी थी। रविवार दोपहर को नाहन पुलिस प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
नाहन पुलिस थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि वह अभी मौके पर पहुंचे है। पूरी छानबीन के बाद ही बताएंगे कि उस दिन होटल में क्या हुआ था। साथ ही, उन्होंने राजेंद्र ठाकुर के पीजीआई में मरने की पुष्टि भी की है।