युवा कांग्रेस फूडबैंक से जरूरतमदों को खिला रही खाना
कोरोना महामारी के बीच जरूरमंद लोगों प्रवासी मजदूरों को खाना मुहैया करवाने के लिए युवा कांग्रेस आगे आई है।
जागरण संवाददाता, शिमला : कोरोना महामारी के बीच जरूरतमंद लोगों व प्रवासी मजदूरों को खाना मुहैया करवाने के लिए युवा कांग्रेस आगे आई है। युवा कांग्रेस ने फूड बैंक शुरू किया है। शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता खुद खाना बनाकर जरूरतमंद लोगों को खिलाते हैं। इसके अलावा हर वार्ड में जाकर भी खाना बांटा जाता है। रोजाना तीन से चार हजार लोगों को खाना खिलाया जा रहा है।
मंगलवार को छठे दिन भी युवा कांग्रेस के फूडबैंक में प्रवासी मजदूर, जरूरतमंद खाना खाने के लिए पहुंचे। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता खुद के पैसे से ही खाना तैयार करवाते हैं।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा 21 मई को राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर फूड बैंक का आयोजन किया था। यहां पर लोगों की भीड़ को देखते हुए इसे जारी रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के संकट के बीच कोई भी भूखा न रहे इसके लिए कार्यकर्ता खुद पैसे इकट्ठे कर लोगों को खाना मुहैया करवा रहे हैं।