हिमाचल में निकली कड़क धूप, ठंड से मिली राहत
हिमाचल में कड़क धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है मौसम विभाग ने बताया है कि 23 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा।
शिमला, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में दो दिन मौसम खराब रहने के बाद शुक्रवार को कड़क धूप निकली। तेज धूप ने जहां पहाड़ी क्षेत्र में रह रहे लोगों को ठंड से राहत प्रदान की है, वहीं मैदानी इलाकों में यही कड़ती धूप पसीने छुड़ाएगी। मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन 24 अप्रैल को पश्चिम विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा, जिसके कारण प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
मौसम के बदलते मिजाज के कारण बागवानों और किसानों को माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई देने लगी है। मैदानी इलाकों में गेहूं की फसल करीब करीब पक कर तैयार है और ऐेसे बारिश और ओलावृष्टि किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। इसके अलावा सेब की फसल के लिए भी ओलावृष्टि और बारिश सही नहीं है।
बागवानों की मानें तो मौसम खराब होने के कारण सेब के पौधों में फ्लावरिंग, ब्लूमिंग और पोलीनेशन में दिक्कत पेश आती है। आसमान में बादल छाए रहने पर मधुमक्खी भी पोलीनेशन नहीं करती है। ऐसे में सेब की फसल को काफी नुकसान पहुंचेगा।
सुबह 12 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा
धूप निकलने का असर तापमान पर दिखाई देने लगा है। दो दिन से सुबह तापमान का पारा नौ डिग्री सेल्सियस से कम रह रहा था, लेकिन शुक्रवार को सुबह दस बजे तक तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। प्रदेश की राजधानी शिमला के रिज मैदान पर सुबह लोग कड़क धूप का लुत्फ उठाते नजर आए।