लोअर बाजार में एक ओर भवन असुरक्षित, नगर निगम ने दिया खाली करने का नोटिस
राजधानी शिमला में वर्षा से नुकसान लगातार बढ़ता जा रहा है। अब शहर के लोअर बाजार में एक भवन को नगर निगम की ओर से असुरक्षित घोषित किया गया है।
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला में वर्षा से नुकसान लगातार बढ़ता जा रहा है। अब शहर के लोअर बाजार में जिस भवन की दीवार गिरी है, उसके साथ लगते घर के भी गिरने का खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन की ओर से भवन को खाली करने का नोटिस भेजा गया है।
तीन मंजिला भवन की दीवार गिरने के बाद से ही साथ लगते भवनों का रास्ता भी बंद हो गया है। इसके बाद से भवन को असुरिक्षत घोषित कर दिया गया था। शहर में हो रही वर्षा से कई स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है। कई साल से ऐसी ही स्थिति है, हर बरसात में शहर में लोगों के घरों को नुकसान पहुंच रहा है। बरसात से हो रहे नुकसान के बाद ही जिला प्रशासन ने लोगों से पहाड़ों के नीचे वाहन खड़े न करने की अपील की है। वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने को कहा है। इसके अलावा अपने घरों व आसपास जहां पर भी जलभराव हो तो इसके बारे में प्रशासन को सूचित करने को भी कहा है।
नगर निगम के आयुक्त आशीष कोहली का कहना है कि बरसात में सार्वजनिक व निजी संपत्ति का नुकसान न हो इसके लिए आम जनता से अपील की जा रही है। शिमला में कई दिन से हुई मूसलाधार वर्षा से शहर की नालियां और नाले गंदगी से भर गए हैं। इसलिए मंगलवार को निगम कर्मचारियों ने नालियों को साफ किया ताकि वर्षा के दौरान सड़कों पर जलभराव न हो सके। नगर निगम प्रशासन ने शहर की सभी बंद नालियों को खोलने के आदेश दिए हैं। शहर के कृष्णानगर इलाके में नालों को साफ करने के निर्देश दिए हैं। शहर में 100 से ज्यादा भवन हैं असुरक्षित
शहर में 100 से ज्यादा भवन असुरक्षित हैं। इन भवनों को खाली करने के नोटिस दिए गए हैं। इसके बावजूद लोग इन भवनों में अपनी जान जोखिम में डालकर रह रहे हैं। राजधानी में असुरक्षित भवनों के अधिकतर मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।