भ्रष्टाचार पर वार के लिए दो एसपी तैनात
प्रदेश सरकार अब भ्रष्टाचार पर विजिलेंस के जरिये करारा वार करेगी।
राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रदेश सरकार अब भ्रष्टाचार पर विजिलेंस के जरिये करारा वार करेगी। इस संबंध में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो में अधिकारियों के खाली पद भरना आरंभ कर दिए हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे एस अरुण कुमार को दोहरा कार्यभार सौंपा है। एक दिन पूर्व उन्हें एसपी नॉर्थ रेंज धर्मशाला लगाया। वीरवार को विजिलेंस के एडीजीपी डॉ. अतुल वर्मा ने उन्हें एसपी एसआइयू का भी कार्यभार दे दिया। इससे अरुण पर और जिम्मेदेारी बढ़ गई है। असल में विशेष जांच दल यानी एसआइयू का पद पिछले साल नवंबर से खाली था। इस पद पर कार्यरत तत्कालीन एसपी डीडब्ल्यू नेगी को सूरज हत्याकांड मामले में सीबीआइ ने गिरफ्तार किया था। पूर्व सरकार में तो एसआइयू में ही दो-दो एसपी तैनात किए थे। यही नहीं एसपी साउथ रेंज का पद भी लंबे अरसे से रिक्त था। अब इस पद पर वीरेंद्र शर्मा सेवाएं देंगे। शर्मा सीआइडी में एसपी सुरक्षा के पद पर सेवाएं दे रहे थे। बिमल गुप्ता जल्द बनेंगे डीआइजी
एसएसपी रेंक के अधिकारी बिमल गुप्ता जल्द डीआइजी बनेंगे। अभी वह विजिलेंस में एसपी एनआर के पद पर कार्यरत हैं। उनका तबादला एसपी लीव रिजर्व राज्य पुलिस मुख्यालय के पद पर हुआ है। वह कुछ दिन के बाद कार्यभार संभाल सकते हैं। एसपी क्राइम होंगे अर्जित सेन
अर्जित सेन ठाकुर एसपी क्राइम होंगे। वह पहले राज्यपाल के एडीसी थे। वहां पर हाल ही में मोहित चावला की तैनाती हुई है। एसपी क्राइम संदीप धवल साइबर क्राइम देखेंगे।