चीड़ के पत्तों से उत्पाद बनाना सीख रही महिलाएं
प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से समुदा
संवाद सूत्र, बल्देयां : प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से समुदाय आधारित पर्यटन परियोजना के अंतर्गत विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर में शिमला जिला की नालदेहरा पंचायत के कुल 20 स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण कांगड़ा जिला के रैत, शाहपुर की रहने वाली सुदर्शना कुमारी और विक्रम सिंह दे रहे हैं।
महिलाओं को हस्तशिल्प उत्पादन प्रशिक्षण के अंतर्गत चीड़ के पत्तों के विभिन्न उत्पाद बनाने के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण 20 से 24 दिसंबर तक पंचायत स्तर पर दिया जा रहा है। महिलाओं को विभिन्न प्रकार के उत्पाद जैसे फलों की टोकरी, रोटी की टोकरी, सूखे मेवे के लिए प्लेट, मैट्स, चीलर बॉक्स एवं अन्य सजावटी उत्पाद आदि बनाने की तकनीकी जानकारी दी जा रही है। महिलाओं ने 20 हजार रुपये से ज्यादा के उत्पाद बाजार में बेच दिए हैं। इस तरह ये महिलाएं आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं और आग से भी जंगलों को बचा रही हैं। शिविर में पर्यटन विभाग की ओर से परियोजना के समुदाय समन्वयक विकास शर्मा, शिवांगी चौहान और एसएस नेगी आदि मौजूद रहे।