ऊपरी हिमाचल में ओलावृष्टि, सेब को भारी नुकसान
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है। राज्य के ऊपरी क्षेत्रों में भारी ओलावृष्ट रविवार को रिकार्ड की गई है जिस कारण सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
जागरण संवाददाता, शिमला : प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है। रविवार को राज्य के ऊपरी क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि हुई। इस वजह से सेब की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। सेब बाहुल क्षेत्रों में जमकर ओले गिरने से 50 फीसद तक फसल बर्बाद होने की आशंका जताई जा रही है। रोहडू, चिडगांव और कोटखाई के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा कुमारसैन में 6.2 मिलीमीटर बारिश भी रिकार्ड की गई। निचले हिमाचल में दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन शाम के समय काले बादल छा गए। ऊपरी क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
उधर, सोमवार को राज्य के अधिकाश क्षेत्रों में मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि जिला शिमला के एक या दो स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। मंगलवार को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। बुधवार को फिर से मौसम करवट बदल सकता है। परिणामस्वरूप मध्यम ऊंचाई और ऊपरी क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग की माने तो रविवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। ऊपरी हिमाचल के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हुई जिससे राज्य के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को भी मौसम की अनिश्चितता बरकरार रहेगी।
प्रदेश के तापमान की स्थिति
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला,11.6,20.5
सुंदरनगर,13.6,29.0
भुंतर,12.0,28.6
कल्पा,6.6,19.7
धर्मशाला,11.2,23.4
ऊना,15.0,33.8
नाहन,15.1,28.3
केलंग,3.8,12.0
सोलन,12.0,25.0
मनाली,7.6,22.6