शिमला शहर के 350 होटल कारोबारियों का मार्च और अप्रैल का टैक्स माफ
Hoteliers Tax Waiver नगर निगम ने शहर के 350 से ज्यादा होटलों मालिकों को बड़ी राहत दी है।
शिमला, जागरण संवाददाता। नगर निगम ने शहर के 350 से ज्यादा होटल मालिकों को बड़ी राहत दी है। होटल कारोबारियों का मार्च और अप्रैल का टैक्स माफ कर दिया गया है। बुधवार को हुई नगर निगम की मासिक बैठक में इस निर्णय पर मुहर लगाई गई। कोरोना महामारी के बीच शहर के होटलों में कारोबार पूरी तरह बंद है। पर्यटन सीजन पीक पर है, लेकिन कर्फ्यू की वजह से होटलों को बंद रखा गया है। इस कारण होटलियरों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया था।
अब निगम ने इन होटल संचालकों को राहत देते हुए इनका टैक्स माफ कर दिया है। दो माह से शहर के होटलियर टैक्स माफ करने की मांग उठा रहे थे। निगम के मासिक सदन में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। अब यह प्रस्ताव सरकार के समक्ष भेजा जाएगा। होटलों से निगम को लाखों रुपये की आय प्रतिमाह होती है।
राज्य पुस्तकालय में सिटी म्यूजियम और टाउनहाल में री¨डग रूम बनाने को मंजूरी मासिक सदन में राज्य पुस्तकालय में सिटी म्यूजियम और टाउनहाल में री¨डग रूम बनाने को मंजूरी दी गई है। टाउनहाल के एटिक फ्लोर पर पहले सिटी म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन एटिक फ्लोर की ऊंचाई कम होने के कारण स्टेट म्यूजियम को राज्य पुस्तकालय में बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया और राज्य पुस्तकालय को टाउनहाल के एटिक फ्लोर पर शिफ्ट किया जाएगा। निगम की मासिक बैठक में इसे मंजूरी दी गई।