Move to Jagran APP

भाजपा हाईकमान ने फिर चौंकाया, सुरेश कश्यप बने प्रदेशाध्यक्ष

भाजपा हाईकमान ने हिमाचल में पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर फिर चौंकाया है। सुरेश कश्यप को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है।

By JagranEdited By: Published: Wed, 22 Jul 2020 08:03 PM (IST)Updated: Thu, 23 Jul 2020 06:20 AM (IST)
भाजपा हाईकमान ने फिर चौंकाया, सुरेश कश्यप बने प्रदेशाध्यक्ष
भाजपा हाईकमान ने फिर चौंकाया, सुरेश कश्यप बने प्रदेशाध्यक्ष

जागरण संवाददाता, शिमला : भाजपा हाईकमान ने हिमाचल में पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर फिर सभी कौ चौंका दिया है। इस बार भी चर्चित नामों की बजाय नए नाम की घोषणा कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। भाजपा ने नए प्रदेशाध्यक्ष को शिमला संसदीय क्षेत्र के सिरमौर जिले से ही बनाया है। शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप को पार्टी की कमान सौंपी है।

loksabha election banner

भाजपा हाईकमान ने सुरेश कश्यप को जन्मदिन का तोहफा दिया है। उनका जन्म 23 जुलाई 1971 को हुआ था। सिरमौर को दूसरा और शिमला संसदीय क्षेत्र को फिर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मिला है। सुरेश कश्यप का नाम घोषित होने से पहले तक प्रदेशाध्यक्ष के लिए भाजपा के कई दिग्गजों के नाम चर्चा में थे। इनमें राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी, विधायक राकेश जम्वाल, रणधीर शर्मा, प्रवीण शर्मा और मुख्यमंत्री के सलाहकार त्रिलोक जम्वाल का नाम शामिल था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से सुरेश कश्यप की नियुक्ति के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पार्टी अध्यक्ष की संतुति के बाद दिल्ली से नियुक्ति पत्र जारी हुआ। पिछली बार भी भाजपा में जिन नेताओं के नाम चर्चा में थे, उन सभी को दरकिनार कर डॉ. राजीव बिदल को प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया था। राज्य में स्वास्थ्य विभाग में खरीद में गड़बड़ी के आरोपों से संबंधित ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद उनका नाम भी इसमें शामिल होने की आशंका जताई जाने लगी। अपना नाम ऑडियो से जुड़ने के बाद डॉ. राजीव बिदल ने नैतिकता के आधार पर पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद से भाजपा में नए प्रदेशाध्यक्ष की तैनाती के लिए राजनीति गरमाई थी। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के बड़े नेता ने राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी को ट्वीट कर बधाई दे दी। हालांकि कुछ ही घंटों के बाद उन्होंने ट्वीट के माध्यम से गलती स्वीकार कर ली थी। इस मामले के बाद से नए अध्यक्ष के नाम की चर्चा गरमा गई थी। एससी मोर्चा की कमान संभाल रहे कश्यप

सांसद सुरेश कश्यप राज्य भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष पद पर भी पार्टी में सेवाएं दे रहे हैं। सोलह साल वायुसेना में सेवाएं देने के बाद जमीनी स्तर से राजनीति शुरू करने वाले सुरेश कश्यप ने सिरमौर के पच्छाद हलके से कांग्रेस के दिग्गज नेता गंगू राम मुसाफिर को हराकर बड़ा उल्टफेर किया था। वह इस हलके से दो बार विधायक रह चुके हैं। गुटबाजी की राजनीति से रहे दूर

भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप हमेशा गुटबाजी की राजनीति से दूर रहे। वह हमेशा जमीन पर काम करते रहे। उन्होंने पहला चुनाव बीडीसी सदस्य के तौर पर जीता। विधायक व सांसद बनने के बाद अब वह हिमाचल में पार्टी की कमान संभालेंगे। बिदल ने ट्वीट कर दी बधाई

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिदल ने ट्वीट कर सुरेश कश्यप को बधाई दी। उन्होंने पार्टी के नए अध्यक्ष के बेहतर भविष्य की कमाना की है।

-------- वर्ष 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव ही मेरा लक्ष्य है। ऊपरी व निचले हिमाचल की राजनीति को खत्म कर सबको साथ लेकर चलूंगा।

सुरेश कश्यप, सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

--------- सुरेश कश्यप को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने पर बधाई। इस नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद। सुरेश कश्यप के नेतृत्व में पार्टी राज्य में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेंगी तथा इसका विस्तार होगा। सुरेश कश्यप अनुभवी नेता हैं।

जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री

------------ प्रोफाइल

नाम,सुरेश कश्यप

जन्मतिथि,23 जुलाई 1971

पिता,सीएस कश्यप

माता,शांति देवी

पत्नी,रजनी कश्यप

शैक्षणिक योग्यता : एमए, एमफिल (लोक प्रशासन), पीजीडीसीए

-स्थायी पता : गांव पपलाहन, डाकघर गगल शिकोर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर

-भारतीय वायुसेना में 1988 में सिपाही भर्ती हुए। वर्ष 2004 में एसएनसीओ पद से सेवानिवृत्त हुए।

-2013 व 2019 में विधायक रहे।

-2019 में लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

-हिमाचल प्रदेश विधानसभा की विभिन्न कमेटियों में सदस्य रहे।

-सुरेश कश्यप ने बीडीसी सदस्य पच्छाद से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। वर्ष 2005-2010 तक वह बीडीसी सदस्य रहे। पंचायत स्तर पर काम करते समय वर्ष 2006 में भाजपा में शामिल हुए। वह 2006 से 2009 तक भाजपा एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रहे। वह 2009 से 2012 तक भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महासचिव बने। वह भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।

-राजन पुंडीर, नाहन


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.