इस वर्ष नहीं होगा राज्यस्तरीय किन्नौर महोत्सव
संवाद सहयोगी रिकांगपिओ जनजातीय जिला किन्नौर में हर वर्ष 30 अक्टूबर से दो नवंबर तक राज्य
संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ : जनजातीय जिला किन्नौर में हर वर्ष 30 अक्टूबर से दो नवंबर तक राज्यस्तरीय किन्नौर महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के कारण जिला प्रशासन ने महोत्सव न मनाने का फैसला लिया है। चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में स्थानीय लोगों व पर्यटकों के स्वास्थ्य, मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाता रहा है। इसमें जिले सहित प्रदेश व बालीवुड के नामी कलाकार भाग लेते हैं।
उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने बताया कि देश में कोविड-19 के मामलों के बढ़ते स्तर को देखते हुए इस वर्ष राज्यस्तरीय किन्नौर महोत्सव नहीं मनाया जाएगा। इस मेले में अन्य राज्यों से भी व्यापारी आते हैं, वहीं जिले के हजारों लोग भी इस महोत्सव में शामिल होते हैं, ऐसे में कोविड 19 के संक्रमण को फैलने से रोकना संभव नहीं है। इन सभी कारणों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इस वर्ष किन्नौर महोत्सव नहीं करवाने का निर्णय लिया है।