मंडी पहुंचा स्पर वैरायटी का सेब, 2500 रुपये प्रति पेटी बिका
सेब सीजन के शुरू होने के बाद अब मंडी में भी चहल-पहल बढ़ने लगी है। स्पर वैरायटी का सेब भी मंडी में पहुंचने लगा है।

जागरण संवाददाता, शिमला : सेब सीजन के शुरू होने के बाद अब मंडी में भी चहल-पहल बढ़ने लगी है। टाइडमैन सेब के बाद शुक्रवार को मंडी में अर्ली वैरायटी के स्पर वैरायटी के सेब की एंट्री हुई। शिमला की भट्ठाकुफर मंडी में शुक्रवार को स्पर वैरायटी का सेब 2500 रुपये प्रति पेटी के हिसाब से बिका। इस सीजन में स्पर सेब की यह पहली खेप है। आढ़तियों का कहना है कि इस बार मंडी में सेब जल्दी आ रहा है। स्पर वैरायटी 10 जुलाई के बाद मंडी में आती थी, लेकिन इस बार सेब 10 दिन पहले मंडी में आ रहा है।
सुन्नी के धरोगड़ा निवासी बागवान हेमंत ने स्पर सेब की 12 पेटियां मंडी में पहुंचाई, जिन्हें हाटेश्वरी ट्रेडिग कंपनी के पास खुली बोली में बेचा। साइज अच्छा नहीं होने के बावजूद 24 से 25 किलो की पेटी 2500 रुपये में बिकी। इससे बागवान खुश है और आने वाले दिनों में भी अच्छे दाम की उम्मीद की जा रही है।
अब तक मंडी में रेड जून, टाइडमैन और स्पर किस्म का सेब पहुंच रहा है। टाइडमैन भी अधिकतम 1500 रुपये प्रति पेटी के हिसाब से बिक रहा है। अब गुणवत्ता और खाने में सबसे उम्दा माने जाने वाला स्पर वैरायटी का सेब भी मंडी में दस्तक दे चुका है। 15 जुलाई तक स्पर सेब की आमद बढ़नी शुरू होगी। अगले 15 दिन में बढ़ेगी सेब की आमद
स्पर सेब की मंडी में एंट्री के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य की मंडियों में सेब की आमद 15 जुलाई के बाद ज्यादा होगी। इस दौरान तक सेब की फसल मंडियों में आती तो रहेगी, लेकिन अभी रोजाना 2500 से तीन हजार तक सेब की पेटियां आ रही हैं। इसके बाद एक ही दिन में 10 से 20 हजार पेटियां बाजार में बिकने के लिए पहुंचेंगी।
Edited By Jagran