बारिश-बर्फबारी से कांपा हिमाचल
पहाड़ों पर चांदी बरसने से समूचे प्रदेश में हाड कंपाने वाली ठंड हो गई। वीरवार को मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। शिमला के नारकंडा में इस सीजन का पहला हिमपात हुआ। जलोड़ी पास में ताजा अढ़ाई इंच बर्फ गिरी है।
जागरण टीम, शिमला/मनाली : चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश से हिमाचल में शीतलहर तेज हो गई है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिमला में वीरवार देर शाम हल्की ओलावृष्टि जबकि नारकंडा में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई।
रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने से लाहुल स्पीति का कुल्लू से संपर्क टूट गया है। दर्रे में बुधवार शाम से वीरवार तक एक फीट से अधिक हिमपात हुआ। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने दो दिन पहले डेढ़ फीट बर्फ हटाकर रोहतांग दर्रे को वाहनों के लिए बहाल किया था। यह दर्रा वाहनों के लिए फिर बंद हो गया है। बीआरओ अधिकारियों का कहना है कि लाहुल में फंसे वाहनों को जल्द मनाली पहुंचा दिया जाएगा। मनाली-लेह मार्ग के बीच बारालाचा दर्रे से दारचा के बीच कुछ टैंकर व अन्य वाहन फंसे हैं। बर्फबारी के कारण केलंग में अधिकतम तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
वहीं, मंडी जिला के सराज हलके के शिकारी देवी व कमरुनाग में करीब तीन इंच हिमपात हुआ। नाचन के शैटाधार सहित चौहार घाटी के ऊंचाई वाले जोतों में भी बर्फबारी हुई। जिले के निचले क्षेत्रों में सारा दिन रुक-रुककर बारिश हुई। सुंदरनगर में अधिकतम तापमान मे 11.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। चंबा जिला में भरमौर के कुगती, खुंड व मलकौता में हल्का हिमपात हुआ। पीर पंजाल व धौलाधार की चोटियों ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है। कांगड़ा व किन्नौर जिलों में चोटियों पर हल्की बर्फबारी व निचले इलाकों में बारिश हुई। सिरमौर जिला के चूड़धार व इसके आसपास हल्का हिमपात हुआ। शिमला में न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक 19 मिलीमीटर बारिश मनाली में हुई। भुंतर के लिए नहीं आया विमान
कुल्लू जिला में वीरवार को दिनभर मौसम खराब रहा। इस कारण दिल्ली से भुंतर के लिए एयर इंडिया का विमान नहीं आ पाया। कहां कितनी हुई बर्फबारी
छितकुल,06 इंच
शिकारी देवी,03 इंच
कमरुनाग,03 इंच
जलोड़ी पास,2.5 इंच
कल्पा,01 इंच कहां कितनी हुई बारिश
स्थान,बारिश
मनाली,19.0
भुंतर,16.0
कुल्लू,13.0
कल्पा,11.0
सुंदरनगर,09.0
हमीरपुर,08.0
(बारिश मिलीमीटर में) कहां कितना रहा तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
केलंग,-0.6,01.6
कल्पा,2.5,03.0
शिमला,5.7,14.8
सोलन,9.0,18.0
भुंतर,10.9,12.4
सुंदरनगर,12.3,15.6
धर्मशाला,12.6,18.6
ऊना,14.8,27.3
नाहन,15.9,20.0
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
कृषि व बागवानी को संजीवनी
वीरवार को ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश को बागवानी और कृषि के लिए संजीवनी बताया जा रहा है। बारिश लंबे अंतराल के बाद हुई है। इससे जिन क्षेत्रों में अभी तक गेंहू व मटर आदि की बुआई नहीं हो सकी और पूरी तरह बारिश पर निर्भर हैं, वहां पर बुआई हो सकेगी।