सामान जब्त करने पर अतिरिक्त आयुक्त से उलझे दुकानदार
राजधानी शिमला के बाजारों में तहबाजारियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है।
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला के बाजारों में तहबाजारियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने सड़क पर सामान सजाने पर तहबाजारियों का सामान जब्त कर लिया। लोअर बाजार में दुकानदार नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त के साथ उलझते हुए भी नजर आए। काफी देर तक बहसबाजी होती रही। दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम की टीम दुकानदारों को तंग करने का काम कर रही है। नगर निगम खानापूर्ति होने के लिए कार्रवाई कर रहा है।
वहीं बाजार में दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सामान सजा रखा है। इससे लोगों का चलना भी मुश्किल हो रहा है। शहर के लोअर बाजार में एंबुलेंस व अग्निशमन के वाहन भी नहीं गुजर पा रहे हैं। ऐसे में शुक्रवार को नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त निगम कर्मचारियों और पुलिस जवानों के साथ लोअर बाजार पहुंचे। इस दौरान सड़क पर सामान बेच रहे तहबाजारियों का सामान जब्त किया गया। वहीं दुकानों के बाहर सामान सजाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त बीआर शर्मा ने कहा कि बाजारों में तहबाजारियों को लेकर हाईकोर्ट के सख्त निर्देश हैं व निगम समय-समय निरीक्षण भी करता है। कुछ दिन पहले यहां एंबुलेंस भी फंस गई थी। यहां काफी ज्यादा आबादी है, ऐसे में कोई बीमार होता है तो उन्हें अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो सकता है। इसको देखते हुए शुक्रवार को नगर निगम ने लोअर बाजार का दौरा किया व दुकानों के बाहर सामान सजाने वालों पर कार्रवाई की।