वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी, समन्वय समिति बनाने की मांग
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विरोधी धड़ा एक बार फिर सक्रिय
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विरोधी धड़ा एक बार फिर सक्रिय हो गया है। कौल सिंह ठाकुर के घर पर हुई लंच डिप्लोमेसी के बाद कुछ नेताओं ने एक पत्र पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा है। पत्र के माध्यम से उच्च स्तरीय समन्वय समिति बनाने की मांग की है, ताकि जो गलतियों हुई हैं उन्हें सुधारा जा सके। पत्र में कौल सिंह ठाकुर के घर पर हुई वरिष्ठ नेताओं की बैठक की सराहना कर इसे पार्टी की मजबूती के लिए सराहनीय प्रयास बताया है।
वहीं, कई आरोप भी इस पत्र में लगाए हैं। इसमें कहा गया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी की है। हालांकि यह पत्र भी कांग्रेस के लेटरहेड पर लिखने के बजाय सादे कागज पर लिखा गया है। इस पर आठ नेताओं के हस्ताक्षर हैं। पत्र में आरोप लगाया है कि कार्यकारिणी में अहम पदों पर ऐसे लोगों को नियुक्ति दी गई है जो पार्टी के प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेर सकती थी, लेकिन इसमें भी कुछ नहीं किया गया। उल्टा सरकार ने ही 12 करोड़ के पत्र को लेकर कांग्रेस की कार्यप्रणाली को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया।