केएनएच में जल्द लगेगी दूसरी अल्ट्रासाउंड मशीन
जागरण संवाददाता शिमला प्रदेश के एकमात्र मातृ एवं शिशु कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) में महि
जागरण संवाददाता, शिमला : प्रदेश के एकमात्र मातृ एवं शिशु कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) में महिलाओं को जल्द दूसरी अल्ट्रासांउड मशीन मिल जाएगी। इससे अस्पताल आने वाली महिलाओं को राहत मिलेगी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। मशीन को अस्पताल के नए ब्लॉक में स्थापित किया जाएगा।
प्रदेश स्तरीय अस्पताल होने के बावजूद अस्पताल में मौजूदा समय तक अल्ट्रासाउंड के लिए एक ही मशीन उपलब्ध थी। अल्ट्राउसाउंड करवाने के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर बाद तक महिलाओं की कतारें लगी रहती थीं। घंटों इंतजार करने के बाद अल्ट्रासाउंड करवाने की आरी आती है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं को होती है जोकि काफी समय तक खड़े रहने में असमर्थ रहती हैं। लंबी कतारों से परेशान महिला मरीज कई बार अस्पताल के बाहर निजी लैब में अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मजबूर होती हैं। ऐसे में उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ जाता है।
अस्पताल की एमएस डा. अंबिका चौहान का कहना है कि अस्पताल में दूसरी अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। अस्पताल में बढ़ती जरूरत को देखते हुए नई मशीन लगाने का फैसला लिया गया है। जल्द ही मरीजों को यह सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। अस्पताल में करीब 400 से 500 महिला मरीजों की ओपीडी रहती है, इसके अलावा 200 से 250 मरीज विभिन्न वार्डो में दाखिल रहते हैं। प्रदेश भर से इलाज करवाने आती हैं महिलाएं
महिला रोग से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रदेशभर की महिलाएं यहां इलाज करवाने पहुंचती हैं। दूरवर्ती इलाकों से रोजाना कई महिला मरीज टैक्सी करवाकर अस्पताल पहुंचती हैं। ओपीडी में अधिकतर महिलाओं को इलाज से पहले जांच के लिए पर्ची पर अल्ट्रासाउंड का टेस्ट लिखा जाता है। अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार करते हुए महिलाओं का मर्ज दोगुना हो जाता है। कई बार अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट जब हाथ में आती है तो ओपीडी बंद हो जाती है। इस स्थिति में मरीजों को आसपास रिश्तेदार या फिर सराय का आश्रय लेकर दूसरे दिन परामर्श के लिए डाक्टर के पास जाना पड़ता है। संक्रमण से होगा बचाव
अल्ट्रासाउंड के लिए लगी कतारों में महिलाएं कोरोना संकट के बीच उचित शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर पाती हैं। नई मशीन स्थापित होने के बाद महिलाओं को कतारों से छुटकारा मिलेगा और दो जगह अल्ट्राउसाउंड की सुविधा मिलेगी। ऐसे में महिलाएं उचित शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए संक्रमण से अपना बचाव भी कर सकेंगी। केएनएच के लिए बैम्लोई से लिफ्ट लगाने की तैयारी
नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को बैम्लोई से कमला नेहरू अस्पताल के लिए लिफ्ट लगाने के लिए संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान राज्य लोक निर्माण विभाग के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही मेयर सत्या कौंडल ने आदेश दिए कि जमीन किसकी है, इसका पूरा रिकॉर्ड सात दिन में मुहैया करवाएं। इसके बाद जमीन पर लिफ्ट लगाने के लिए अगली औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बन जाने के बाद शहर से लेकर राज्य भर से आने वाली महिलाओं लिफ्ट से माध्यम से अस्पताल तक पहुंचने की सुविधा मिल सकेगी। वहीं वाहन पार्किग के लिए भी तीमारदारों को सुविधा मिल जाएगी। यहां पर लिफ्ट के आधार पर पार्किग बनाने का प्रस्ताव भी है।