देवताओं को दो लाख 34 हजार नजराना देकर किया विदा
जिला स्तरीय फाग मेला सोमवार को देवी देवताओं की विदाई के साथ ही समाप्त हो गया।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : जिलास्तरीय फाग मेला सोमवार को देवी-देवताओं की विदाई के साथ ही समाप्त हो गया। चार दिन तक चले इस मेले में आए देवी देवताओं को नगर परिषद ने दो लाख 34 हजार 400 रुपये का नजराना देकर विदा किया। वहीं देवताओं की विदाई समारोह में पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह अपनी पुत्र वधु सुदर्शना के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने भी देवी देवताओं से सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। रामपुर के राज दरबार परिसर में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय फाग मेले के समापन होते ही सन्नाटा पसर गया है। सोमवार देर शाम को नगर परिषद ने सभी देवी देवताओं को नजराना राशि देकर विदा किया। मेले में इस बार 15 देवी देवताओं ने शिरकत की थी। दिन भर नाटियों का दौर चलता रहा और रोज की तरह अंतिम दिन भी देवलू देव वाद्ययंत्रों की धुनों पर नाचते गाते हुए दरबार परिसर में पहुंचे थे।
अंतिम दिन होने के कारण लोगों की भी फाग मेले में भारी भीड़ रही और हर कोई देवी देवताओं से सुख समृद्धि की कामना करता रहा और उनसे आशीर्वाद प्राप्त करता रहा। दोपहर बाद नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक सूद, पूर्व पार्षद ध्रुव शर्मा व नगर परिषद के अन्य पार्षदों द्वारा नजराना राशि भेंट कर सभी देवताओं को विदा किया गया। नगर परिषद द्वारा देवता साहिब रचोली 14500, बसारू 26600, गसो 23400, छोटू 2500, डंसा 16000, शनेरी 12100, मझेवटी 12100, धारा सरगा 22700, डमैड़ी 12000, सूमा 7500, बाड़ी 21700, शोली 20600, देवनगर 15700, शलाट 14000 व देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर देवठी 13000 नजराना राशि दी गई। इस मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक सूद, पार्षद पंकज बराड़, नरेश नेगी, नीलम गुप्ता, चुड़ा मणि, साधना शर्मा, रीता बादल, विशेषर लाल, ऊषा चौहान, मीना कुमारी अनु गोस्वामी व पूर्व पार्षद ध्रुव शर्मा आदि उपस्थित रहे।