आज से फिर से बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम करवट बदलेगा।
जागरण संवाददाता, शिमला
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम करवट बदलेगा। मौसम विभाग ने राज्य में शुक्रवार से पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होगी। बारिश का यह क्रम 24 सितंबर तक जारी रहेगा। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज होगी। विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 22 सितंबर को राज्य के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। एक सप्ताह की राहत के बाद फिर से बारिश की चेतावनी ने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इन दिनों मक्की और दालें इकट्ठा करने का समय चल रहा है। ऐसे में यदि बारिश होती है तो फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। वीरवार को राज्य में पश्चिमी हवाओं ने प्रवेश कर लिया। इसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश रिकार्ड की गई है।
24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। करीब पांच दिन से हिमाचल प्रदेश में अच्छी धूप खिलने से मौसम खुशनुमा बना हुआ था, परंतु शुक्रवार से फिर मौसम में तबदीली की संभावना है। वीरवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान ऊना में 35.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान केलंग का 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां कितना रहा तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला,15.8,26.0
सुंदरनगर,15.1,31.5
भुंतर,13.0,32.2
कल्पा,9.0,23.4
धर्मशाला,17.2,28.2
ऊना,20.3,35.2
मंडी,16.0,30.8
नाहन,17.7,28.9
केलंग,6.0,21.6
सोलन,15.2,28.0
हमीरपुर,18.4,33.6
बिलासपुर,19.1,33.0
चंबा,14.0,30.7
(डिग्री सेल्सियस में)