एक दिन की वर्षा से धीमा पड़ा शहर, सड़कें पानी-पानी
शहर में एक दिन की वर्षा ने शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया। सड़क पर पानी भरने से लोगों को परेशान होना पड़ा।

जागरण संवाददाता, शिमला : शहर में एक दिन की वर्षा ने शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया। सड़कों पर पानी भर गया, वहीं पानी के पेयजल स्त्रोतों में गाद आ गई। इससे अगले दो दिन शहर में लोगों के घरों में पानी नहीं टपकेगा। पानी की आपूर्ति कम होगी। बरसात के दस्तक देते हुए ही पहले दिन धुंध के चलते शिमला पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि वाहन संभलकर चलाएं।
शहर के टालैंड से लेकर बैम्लोई तक सड़क पर कई स्थानों पर पूरी तरह से पानी भर गया। इस पर लोगों को छोटे वाहन चलाने में भी दिक्कत झेलनी पड़ी। काफी समय तक तो वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई। यहां से दोपहिया वाहन तक नहीं गुजर पा रहे हैं। इस सड़क में नाली न होने के चलते सारा पानी सड़क पर ही भर गया। प्रशासन और निगम के दावे पहली वर्षा में हुए हवा
हालांकि जिला प्रशासन और नगर निगम मानसून से पहले ही तैयारियों के दावे कर रहे थे, सड़कों के किनारे नालियां बनाने सहित मानसून से निपटने की बात कही थी। लेकिन बरसात की शुरुआत की वर्षा ने यहां पर प्रबंधों की पोल खोल दी। सड़कों पर इतना ज्यादा पानी भर गया कि एक तरफ से वाहन गुजर ही नहीं पा रहे थे। स्मार्ट सिटी के तहत चल रहा है डंगे लगाने के काम
सड़क किनारे स्मार्ट सिटी के तहत डंगे लगाने का काम किया जा रहा है। इसे काफी मिट्टी भी पानी में मिल गई और सारा पानी एक जगह सड़क में इकट्ठा हो गया। शहर के सबसे मुख्य रास्ते में ऐसी हालत होने पर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, इसके बाद सड़क को साफ कर दिया। बाजार में भी सड़कों पर बहता रहा पानी, चलने में भी हुई परेशानी
शहर की सड़कों से लेकर रास्तों में भी वर्षा का पानी बहता रहा। कई स्थानों पर नालियां व नाले बंद होने से आम लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हुई। यहां पर वर्षा का पानी इतना ज्यादा बह रहा था कि छोटे बच्चों को तो चलने में भी मुश्किल का सामना करना पड़ा।
Edited By Jagran