कांग्रेस ने पदयात्रा निकाल याद किए महात्मा गांधी
गांधी जयंती के अवसर पर ऐतिहासिक रिज मैदान पर अनेकता में एकता का अदभुत नजारा देखने को मिला। गांधी जयंती ने विचारों की जंग लड़ने वाली देश की दो राष्ट्रीय पार्टी के नेताओं को रिज पर एकत्रित कर दिया।
राज्य ब्यूरो, शिमला : गांधी जयंती पर ऐतिहासिक रिज मैदान शिमला में कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पार्टी प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर व पार्टी के अन्य नेताओं ने रघुपति राघव राजा राम भजन गाया। कांग्रेस ने पदयात्रा निकाल कर महात्मा गांधी के देशहित में योगदान को याद किया।
आनंद शर्मा ने रिज मैदान पर पत्रकारों से कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य व अहिसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। सभी को उनके दिखाए मार्ग पर चलने की जरूरत है। गांधी जयंती मनाना तभी सार्थक होगी जब उनके दिखाए मार्ग का अनुसरण होगा और लोग सत्य व अहिसा के मार्ग पर चलेंगे। कांग्रेस ने गांधी जयंती पर सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी ने शिमला में सीटीओ, लक्कड़ बाजार और शेर-ए-पंजाब के पास पदयात्रा निकाली जो पार्टी मुख्यालय राजीव भवन मे समाप्त हुई। इस दौरान कांग्रेस सहप्रभारी गुरकीरत सिंह, विधायक हर्षवर्धन चौहान, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविदर सुक्खू, विधायकों सहित हरीश जनारथा, बावा हरदीप सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जैनब चंदेल, इंटक अध्यक्ष अनुराग शर्मा, इंटक की महिला अध्यक्ष ज्योति आदि उपस्थित थे।
--------- मुंह पर काली पट्टी बांध विरोध किया
सीटीओ के समीप जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के अध्यक्ष अरुण शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री पर भी कई आरोप लगाए।
-------- कांग्रेस नेताओं ने जूते पहनकर अर्पित किए श्रद्धासुमन
गांधी जयंती पर कांग्रेस ने रिज मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया था। हैरत यह है कि कांग्रेस नेताओं ने जूते पहनकर ही रिज पर महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कांग्रेस नेताओं ने लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर याद करते हुए सीटीओ के समीप उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।