युवाओं को सफलता का मूल मंत्र भी दे सकते हैं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 17 सितंबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान युवाओं को सफलता का मूल मंत्र दे सकते हैं।
राज्य ब्यूरो, शिमला : राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 17 सितंबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कोरोना महामारी के बीच युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के मुद्दे पर बात कर सकते हैं। राष्ट्रपति 14 मिनट के संबोधन में पर्यावरण संरक्षण की महत्ता समझाने के अतिरिक्त युवाओं को सफलता का मूल मंत्र भी दे सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राम नाथ कोविन्द के संबोधन के तौर पर तीसरा अवसर होगा जब वहां राष्ट्रपति संबोधित करेंगे। उनसे पहले वर्ष 2003 में पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम ने विशेष निमंत्रण के तहत विधानसभा में संबोधित किया था। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र के विकास में भागीदार बनने के लिए आठ मंत्र दिए थे। उन्होंने देश को वर्ष 2030 तक विश्व का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बनाने का आह्वान किया था। वर्ष 2013 में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी हिमाचल प्रदेश विधानसभा में संबोधन के दौरान युवा पीढ़ी को जिम्मेदारी का एहसास करते हुए राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने की चुनौती स्वीकारने को कहा था। ग्रीन रूम में बैठेंगे राष्ट्रपति
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 17 सितंबर को सुबह करीब साढ़े दस बजे सिसिल होटल से विधानसभा पहुंचेंगे। वहां राष्ट्रपति के लिए ग्रीन रूम स्थापित किया गया है जहां वह बैठेंगे। सबसे पहले पूर्व सांसदों व विधायकों के साथ सामूहिक चित्र होगा। राष्ट्रपति विधानसभा अध्यक्ष लाबी में पट्टिका का अनावरण करेंगे। सदन में राष्ट्रपति का आगमन होगा। सत्र समापन के बाद मौजूदा तेरहवीं विधानसभा के सदस्यों के साथ राष्ट्रपति का सामूहिक चित्र होगा। विधानसभा पुस्तकालय में होगा सम्मान समारोह
विशेष सत्र में शामिल होने के लिए आने वाले पूर्व सांसदों व विधायकों और वर्तमान सांसदों व विधायकों के लिए विधानसभा पुस्तकालय में सम्मान समारोह होगा। विशेष सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. राधा रमण शास्त्री, कौल सिंह ठाकुर, गुलाब सिंह ठाकुर, गंगू राम मुसाफिर, बृज बिहारी लाल बुटेल सहित 73 सदस्यों के शामिल होने की संभावना है।